ग्रेटर नोएडा: मैरिज होम में घुसकर दबंगों का उत्पात, शादी समारोह के दौरान मारपीट, वीडियो वायरल
ग्रेटर नोएडा, 6 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र स्थित डी ग्राउंड होटल एंड मैरिज होम में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आधा दर्जन से अधिक युवक अचानक मैरिज हॉल में घुस आए और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते खुशी का माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक लात-घूंसों से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह पूरे उत्साह के साथ चल रहा था। मेहमान भोजन और अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त थे, तभी लगभग छह से आठ युवक अचानक मैरिज होम में घुस आए। बताया जा रहा है कि युवकों ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू किया और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।
आरोप है कि दबंगों ने कई लोगों के साथ मारपीट की, जिससे समारोह में मौजूद महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भी दहशत फैल गई। घटना के दौरान मैरिज हॉल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने मारपीट जारी रखी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। समारोह में मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर जेवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से मारपीट में शामिल सभी आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मारपीट के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण था।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
