Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा: चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, आभूषण-सिक्के और अवैध चाकू बरामद

ग्रेटर नोएडा, 1 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाने की पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, धातु के सिक्के, पेंट की बाल्टी, अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को स्थानीय खुफिया सूचना और गोपनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए बोड़ाकी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
 
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को दादरी पुलिस को क्षेत्र में चोरी करने वाले आरोपियों के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बोड़ाकी मोड़ के आसपास संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का सामान तथा अवैध हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव पुत्र नरेश कुमार और आकाश पुत्र लाल किशन के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक देव की उम्र करीब 19 वर्ष है और वह बुलंदशहर के थाना ककोड़ क्षेत्र के ग्राम धनौरा का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी आकाश करीब 25 वर्ष का है और बुलंदशहर के थाना चोला क्षेत्र के ग्राम खवासपुर का निवासी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक लॉकेट, सफेद धातु के दो कंगन और आठ सिक्के बरामद किए हैं।

इसके अलावा, आरोपियों के पास से एक पेंट की बाल्टी, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दादरी थाने में चोरी और अवैध हथियार से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद सामान के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की वारदातों में इनकी क्या भूमिका रही है। साथ ही पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी