गोरखालैंड और गोरखाओं से संबंधित समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा : तेजस्वी सूर्या
दार्जिलिंग, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को खराब मौसम की वजह से दार्जलिंग नहीं आ सके लेकिन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना मैसेज दार्जिलिंग की जनता को भेजा।
भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सदियों से गोरखालैंड और गोरखाओं से संबंधित जो समस्या है, उसका संवैधानिक समाधान करने के लिए भाजपा ने हमेशा बात की है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, तो इस दौरान उन्होंने बार-बार आश्वस्त किया कि जैसे भाजपा की सरकार बनेगी, केंद्र सरकार के साथ मिलकर इसका लॉन्ग टर्म और स्थायी समाधान संविधान के दायरे में रहकर करेगी।
भाजपा सांसद राजू बिष्टा ने कहा कि हम कुदरत के खिलाफ नहीं जा सकते। आज दार्जिलिंग के हजारों लोग गृह मंत्री को सुनने के लिए यहां आए थे लेकिन खराब मौसम की वजह से चॉपर की परमिशन नहीं मिली। फिर भी, अगले तीन दिनों में पार्लियामेंट सेशन में उनके बिजी शेड्यूल के बावजूद मैंने गृह मंत्री से रिक्वेस्ट की कि वे दार्जिलिंग जरूर आएं। 21 तारीख को वे दार्जिलिंग की जनता को संबोधित करेंगे।
महिला आरक्षण बिल पर भाजपा सांसद राजू बिष्टा ने कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए संसद के विशेष सत्र में बिल पेश किया जाएगा, उसे हमारा पूरा समर्थन है। पूरे नॉर्थ ईस्ट और दार्जिलिंग में, यह हमेशा से हमारी परंपरा रही है कि महिलाएं हर काम में आगे रहती हैं। हमारी बहनें हमेशा सबसे आगे रही हैं और यह पीढ़ियों से हमारी संस्कृति का हिस्सा रहा है।
गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिमल गुरुंग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। हम लोगों ने अपनी परेशानियों के समाधान के लिए रास्ता ढूंढा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने बोला है कि संवैधानिक व्यवस्था की जाएगी। गृह मंत्री अमित शाह के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हम लोग काफी खुश हैं। हम लोग यहां की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
