Aapka Rajasthan

गोरखपुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली, दो गिरफ्तार

गोरखपुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो वांछित गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। गिरफ्तार बदमाश चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।
 

गोरखपुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो वांछित गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। गिरफ्तार बदमाश चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के माल्हनपार रोड स्थित चीनी मिल के पास पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें गाड़ी रोकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह बाइक से गिर पड़ा, जबकि बाइक चला रहा दूसरा बदमाश भी अनियंत्रित होकर गिर गया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को दबोच लिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गौ तस्करी के मामलों में वांछित अपराधियों के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों पर पहले से ही गोवंश तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। ये लोग रात के अंधेरे में ग्रामीण इलाकों से गोवंश चोरी कर बिहार और अन्य जिलों में सप्लाई करते थे। लंबे समय से इनकी तलाश की जा रही थी।

पुलिस ने फरार दो बदमाशों की तलाश के लिए क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि गौ तस्करी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। किसी भी कीमत पर जिले में इस तरह के अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को इनाम देने की भी घोषणा की गई है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम