Aapka Rajasthan

गोरखपुर में एमएलसी मतगणना को लेकर कड़ी सुरक्षा, चार स्तरीय सुरक्षा घेरे में हैं मतगणना केंद्र : एसएसपी

गोरखपुर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर एक और दो में कराई जा रही है। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्र के चारों ओर चार स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसके साथ ही परिसर के बाहर भी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है।
 
मतगणना स्थल की सुरक्षा तैयारियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप मतगणना केंद्र के चारों ओर चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को सुरक्षित बनाए रखना और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश करने से रोकना है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों की ड्यूटी 12-12 घंटे की दो शिफ्टों में लगाई गई है। प्रत्येक शिफ्ट की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। इससे सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मतगणना केंद्र के अंतिम दो सुरक्षा स्तरों पर प्रवेश नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर की मदद से जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप वैध पास रखने वाले लोगों को ही मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा जांच के बाद ही अधिकृत व्यक्तियों को आगे जाने की अनुमति मिलेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मतगणना स्थल पर सुरक्षा बनाए रखना और किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी को रोकना है।

मतगणना केंद्र के बाहरी हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए कैंट थाने की पुलिस और कैंट सर्किल के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। पुलिस-प्रशासन का प्रयास है कि मतगणना के दौरान परिसर के अंदर और बाहर कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा प्रत्याशियों, उनके एजेंटों और अन्य अधिकृत लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एसएसपी ने बताया कि सभी सुरक्षा इंतजाम चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए गए हैं। पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश जांच के जरिए मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाए रखने की तैयारी की गई है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम