गोंडा: पति के घर चोरी की साजिश रचने वाली पत्नी निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी संग गिरफ्तार
गोंडा, 20 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में लाखों रुपए चोरी की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घर की ही एक महिला से कड़ाई से पूछताछ की तो एक साजिश का खुलासा हुआ।
पूरा मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र का है। यहां लाखों रुपए की चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की इस वारदात की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर की ही महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार, बिशुनापुर बाजार में रहने वाली पूनम कसौधन ने अपने पति के घर में चोरी करवाने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि वह चोरी के बाद अपने प्रेमी के साथ भागने की तैयारी में थी।
जांच में सामने आया कि पूनम ने अपने रिश्तेदार प्रेमी विकास कसौधन को रात में घर बुलाया और खुद ही घर के बक्से खुलवाए। चोरी को वास्तविक दिखाने के लिए उसने घर के सामान को इधर-उधर बिखेर दिया। इसके बाद वह बेड के नीचे लेट गई और बेहोश होने का नाटक किया।
सुबह उसने पुलिस और परिजनों को बताया कि रात में 9 से 10 चोर घर में घुसे थे और उन्होंने मारपीट कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हालांकि, पुलिस को घटना की कहानी पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर पूनम ने पूरी सच्चाई कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी पूनम कसौधन और उसके प्रेमी विकास कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपए नकद और चोरी के सामान के साथ दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के बिशुनापुर बाजार का है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
