Aapka Rajasthan

'सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, अधिकारियों को सहयोग दें'; वास्को अग्निकांड पर सीएम सावंत की जनता से अपील

पणजी, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा के वास्को में संडे मार्केट में लगी भीषण आग की घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और सरकार प्रभावित व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
 

पणजी, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा के वास्को में संडे मार्केट में लगी भीषण आग की घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और सरकार प्रभावित व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।

सीएम सावंत ने 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वास्को में संडे मार्केट में दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना के बाद व्यापारियों, निवासियों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अधिकारियों का सहयोग करें और जारी किए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि ये उपाय पूरी तरह से जनसुरक्षा के हित में लागू किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को आग से हुए नुकसान का व्यापक आकलन करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव के साथ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं ताकि जमीनी स्थिति का आकलन किया जा सके और प्रभावित लोगों को उचित वित्तीय मुआवजा देने की रूपरेखा तैयार की जा सके।

अपने बयान में सीएम ने कहा, "वास्को के संडे मार्केट में लगी आग अब पूरी तरह काबू में है। सभी जरूरी एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो, खासकर प्रभावित क्षेत्र के व्यापारियों और निवासियों की।"

उन्होंने कहा, "मैं सभी से अपील करता हूं कि अधिकारियों के साथ सहयोग करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। ये उपाय पूरी तरह से एहतियाती हैं और जन सुरक्षा के हित में लिए गए हैं।" सीएम ने भरोसा दिलाया कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा और कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बता दें कि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गोवा के बंदरगाह शहर वास्को के एक बाजार में गुरुवार को आग लगने से 150 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम