गोवा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, अमेरिका के लोगों को ठग रहे सात आरोपी गिरफ्तार
तिसवाड़ी, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा के तिसवाड़ी जिले में पुलिस ने छापा मारकर एक बंगले में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो विदेशी लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठग रहे थे।
गोवा पुलिस ने बताया कि सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह 4:00 बजे के बीच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने एसपी साइबर क्राइम के नेतृत्व में तिसवाड़ी जिले के करमाली स्थित किराये के बंगले में एक कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। बंगले से लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामान जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 23 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंबई निवासी जय विजय आचार्य, अहमदाबाद निवासी योगेश माली, गांधीनगर निवासी ऋषभ दीपककुमार शाह, अहमदाबाद निवासी आशुतोष योगेश प्रताप, ठक्कर पार्थ भारभाई, मुंबई निवासी एड्रियन किंस्टन मारियासेवन और नागपुर निवासी नीलेश सतीश सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को "पे-डे" नाम से ऋण कंपनी के एजेंट बनकर अमेरिका के नागरिकों को ऋण और तत्काल धन उपलब्ध कराने के झूठे बहाने से उपहार कार्ड (सेफोरा, मेसीज, ग्रीन डॉट मनी पैक, एप्पल गिफ्ट कार्ड, रेजर गोल्ड और एक्सबॉक्स) के रूप में बड़ी रकम देने के लिए प्रेरित कर ठगते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
इसी तरह 9 अप्रैल को नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ था। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने सेक्टर-16 नोएडा में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से 4 लैपटॉप, 15 डेस्कटॉप, 15 मॉनिटर, 16 मोबाइल फोन, 16 माइक हेडफोन, 2 राउटर और 1 मॉडम बरामद किया गया था। यह गिरोह इंटरनेट पर पेड विज्ञापन चलाकर विदेशी नागरिकों को अपने जाल में फंसाता था और उन्हें हैकिंग व डेटा चोरी का डर दिखाकर ठगी करता था। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
