गोवा: कनाडा स्टूडेंट वीजा दिलाने के नाम पर 9.68 लाख रुपए की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
पोरवोरिम, 26 नवंबर (आईएएनएस)। पोरवोरिम पुलिस ने 9.68 लाख रुपए की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला अल्टो-पोरवोरिम, गोवा की एक महिला की शिकायत से जुड़ा है। आरोपी ने महिला को झांसा देकर उसकी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए कनाडा का स्टूडेंट वीजा दिलाने के बहाने ठगी की।
गोवा पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान बीपी मणिकांत (उम्र 37 साल) के रूप में हुए है, जो मंगलूरु का रहने वाला है। यह गिरफ्तारी पोरवोरिम पुलिस स्टेशन के अपराध क्रमांक 12/2025, भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 316(2) और 318(4) के तहत की गई है, जो 10 फरवरी 2025 को दर्ज हुआ था।
शिकायतकर्ता ने यह राशि आरोपी द्वारा बताए गए कई बैंक खातों में विभिन्न यूपीआई और एनईएफटी लेनदेन के माध्यम से भेजी थी, जो उसके परिवार के सदस्यों और परिचितों के थे। हालांकि, आरोपी ने न तो वादा किया गया वीजा दिलाया और न ही पैसे लौटाए, जिससे शिकायतकर्ता को गलत तरीके से नुकसान हुआ।
अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार था और उसका कोई पता नहीं चल रहा था। उसे पकड़ने के लिए कई बार टीमों को उसके मूल स्थान यानी बेंगलुरु और मंगलूरु, कर्नाटक भेजा गया। फिर भी अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपी का पता नहीं चल सका।
हाल ही में उत्तर गोवा के एसपी राहुल गुप्ता के करीबी पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में नए सिरे से प्रयास किए गए। आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट का गहन अध्ययन किया गया और उसी के आधार पर उसे मंगलूरु, कर्नाटक में ट्रेस किया गया। इसलिए पीएसआई सचिन शिरोडकर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें पीसी नितेश गावड़े और पीसी जाहिद शेख शामिल थे, जिन्हें 23 नवंबर 2026 को मंगलूरु में फरार आरोपी का पता लगाने और पकड़ने का विशेष जिम्मा दिया गया था।
मंगलूरु पुलिस की सक्रिय सहायता से टीम ने तकनीकी निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और गुप्त फील्ड जांच को मिलाकर एक सुनियोजित तलाशी अभियान चलाया। असाधारण सतर्कता और पेशेवर प्रतिबद्धता दिखाते हुए टीम ने आरोपी को मंगलूरु, कर्नाटक में ट्रेस किया। आरोपी को बाद में पोरवोरिम पुलिस स्टेशन लाया गया और 26 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर 4 दिन की पुलिस हिरासत प्राप्त की गई। इस मामले की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
