Aapka Rajasthan

ग्लोबल साउथ के लिए वेनेजुएला के साथ भारत का करीबी सहयोग बहुत जरूरी है : पीएम मोदी

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। पीएम मोदी ने कहा कि लैटिन अमेरिका में एक अहम पार्टनर के तौर पर, वेनेजुएला के साथ हमारा करीबी सहयोग ग्लोबल साउथ के लिए बहुत जरूरी है।
 
ग्लोबल साउथ के लिए वेनेजुएला के साथ भारत का करीबी सहयोग बहुत जरूरी है : पीएम मोदी

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। पीएम मोदी ने कहा कि लैटिन अमेरिका में एक अहम पार्टनर के तौर पर, वेनेजुएला के साथ हमारा करीबी सहयोग ग्लोबल साउथ के लिए बहुत जरूरी है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मिलकर खुशी हुई। हमने ऊर्जा, जरूरी मिनरल्स, तकनीकी, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच आपसी संपर्कों में अपने सहयोग को बढ़ाने पर काफी बातचीत की।"

उन्होंने आगे कहा कि लैटिन अमेरिका में एक अहम पार्टनर के तौर पर, वेनेजुएला के साथ हमारा करीबी सहयोग ग्लोबल साउथ के लिए बहुत जरूरी है। हम अपने देशों के लोगों के आपसी फायदे के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में विशेष रूप से ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवाएं और ऑटोमोबाइल उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर मंथन हुआ। दोनों देशों ने इस बात पर भी जोर दिया कि आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत किया जाए, ताकि दोनों देशों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों देशों की भूमिका और सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है।

बैठक में 'ग्लोबल साउथ' के हितों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों ने माना कि विकासशील देशों को एकजुट होकर आर्थिक स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों पर काम करना चाहिए।

इससे पहले रोड्रिगेज भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मिलीं। मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि वे नई दिल्ली में डेल्सी रोड्रिगेज से मिलकर खुश हैं और भारत-वेनेजुएला रिश्तों को मजबूत करने के उनके लंबे समय से चले आ रहे योगदान की वह बहुत कद्र करते हैं।

रोड्रिगेज बुधवार को पांच दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंची। दौरे का मकसद दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करना है। विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत और वेनेजुएला के रिश्तों को और मजबूत करेगी और दोनों देशों के बीच साझेदारी में नई गति लाएगी।

--आईएएनएस

केके/एबीएम