Aapka Rajasthan

गिरिडीह में युवक की धारदार हथियार से हत्या, हाल में जेल से निकलकर बाहर आया था

गिरिडीह, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक 24 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तौफीक अंसारी के रूप में हुई है, जो हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था।
 
गिरिडीह में युवक की धारदार हथियार से हत्या, हाल में जेल से निकलकर बाहर आया था

गिरिडीह, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक 24 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तौफीक अंसारी के रूप में हुई है, जो हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था।

तौफीक ने अपनी आखिरी सांसें गिनते हुए हमलावरों के नामों का खुलासा किया, जिसका वीडियो परिजनों द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड किए जाने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, तौफीक को साजिश के तहत देर रात मिलने के बहाने के आजाद नगर चदरा पुल के समीप बुलाया गया था।

मृतक के मित्र अखलाक ने बताया कि रात करीब 12 बजे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अम्बाटांड़ निवासी आसिफ अली का फोन तौफीक के पास आया था, जिसके बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ चदरा पुल पहुंचा। वहां पहले से ही आसिफ अली अपने चार-पांच साथियों के साथ घात लगाए खड़ा था।

चश्मदीदों के मुताबिक, वहां पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जब तौफीक ने विरोध किया, तो उन लोगों ने हथियारों से हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए भाग रहे तौफीक को हमलावरों ने दौड़ाकर पकड़ा और जमीन पर पटककर उसपर ताबड़तोड़ प्रहार किए। शोर सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो तौफीक लहूलुहान अवस्था में तड़प रहा था।

परिजनों का कहना है कि मरते वक्त तौफीक ने साकिब, अरशद, मोनू पठान और आसिफ अली का नाम लेते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। यह बात उन्होंने मोबाइल के कैमरे में कैद कर ली है। वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पास के ही एक नाले से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया।

पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि तौफीक खुद भी आपराधिक पृष्ठभूमि का था और पूर्व में एक मामले में जेल की सजा काट चुका था। थाना प्रभारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस