गाजियाबाद में अग्निशमन विभाग सख्त, 14 बहुमंजिला सोसायटियों के खिलाफ कोर्ट में वाद दाखिल
गाजियाबाद, 29 मई (आईएएनएस)। गर्मी के मौसम में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच गाजियाबाद में आग लगने की घटनाओं को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। तापमान में लगातार वृद्धि के कारण बहुमंजिला इमारतों में लगे विद्युत उपकरणों पर लोड बढ़ रहा है, जिससे शॉर्ट सर्किट और अग्निकांड की घटनाओं का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है।
इसी को देखते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा शहर की हाईराइज सोसायटियों और बहुमंजिला भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार जांच की जा रही है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न बहुमंजिला भवनों में लगातार मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। इन मॉक ड्रिल के माध्यम से निवासियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा भवनों में स्थापित फायर सेफ्टी सिस्टम को हमेशा कार्यशील बनाए रखने के बारे में जानकारी दी जा रही है।
विभाग द्वारा वैशाली और इंदिरापुरम क्षेत्र की कई आवासीय सोसायटियों में स्थापित अग्निशमन सुरक्षा प्रणालियों की जांच की गई। जांच के दौरान कई भवनों में फायर फाइटिंग सिस्टम, अलार्म, हाइड्रेंट और अन्य अग्निशमन उपकरण अकार्यशील पाए गए। इस पर संबंधित बिल्डर, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और मेंटेनेंस टीमों को तत्काल सभी उपकरणों को दुरुस्त कर कार्यशील कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा अधिनियम-2022 के तहत संबंधित भवनों को नोटिस जारी किए गए थे। बावजूद इसके जिन भवन स्वामियों और आरडब्ल्यूए द्वारा फायर सेफ्टी सिस्टम को दुरुस्त नहीं कराया गया, उनके खिलाफ न्यायालय में वाद दाखिल कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विभाग ने वैशाली और इंदिरापुरम क्षेत्र की 14 बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों के खिलाफ माननीय न्यायालय में वाद दाखिल कराया है। इनमें पिनाकल टावर सोसायटी, अन्तरिक्ष ग्रीन अपार्टमेंट, आदित्य मेगा सिटी, हिमगिरि टावर, निलगिरि टावर, शिप्रा रिवेरा टावर, नीलकंठ टावर, एचआरसी प्रोफेशनल, महालक्ष्मी टावर, निहो स्कोटिश गार्डन, रॉयल टावर, आम्रपाली विलेज, सुपरटैक आइकॉन सोसायटी और पंचशील बिल्डटेक प्रा. लि. जैसी प्रमुख सोसायटियां शामिल हैं।
अग्निशमन विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन अन्य भवनों द्वारा भी निर्धारित मानकों के अनुसार अग्निशमन सुरक्षा प्रणाली को कार्यशील कर विभाग को सूचित नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ भी न्यायालय के माध्यम से कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें और भवनों में लगी फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को हमेशा चालू हालत में रखें, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
