गेंदबाजी यूनिट ने एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया: स्मृति मंधाना
रायपुर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 9 विकेट से शानदार जीत के बाद भारतीय टीम की नव नियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने अपनी गेंदबाजों को एकजुट होकर बेहतरीन प्रदर्शन करने का श्रेय दिया।
रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 102/8 के स्कोर पर रोक दिया। निकी प्रसाद ने अपने दो ओवरों में 7 रन देकर 2 विकेट लिए। इनके अलावा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने 1-1 विकेट निकाला। इसके जवाब में भारत ने शेफाली वर्मा (55) और कप्तान मंधाना (नाबाद 47) की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर सिर्फ 8.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रायपुर में इस शानदार जीत के बाद मंधाना ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, "आज का दिन अच्छा रहा। आज हमारी गेंदबाज पूरी तरह से लय में थीं, जो पहले मैच के मुकाबले काफी बेहतर था। उन्होंने यॉर्कर, स्लोअर गेंदें और बाउंसर का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया। इसके अलावा स्पिनर्स दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और निकी प्रसाद ने भी आकर अपने-अपने ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। कुल मिलाकर आज हमारी गेंदबाजी यूनिट ने वाकई एकजुट होकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। हां, बेशक, आज हमारी फील्डिंग (कैच पकड़ने के मामले में) और भी बेहतर हो सकती थी। यह एक ऐसी बात है जिस पर हम आलोचनात्मक रुख अपना सकते हैं।"
भारत ने गेंदबाजी में भी एक रणनीतिक बदलाव किया और दूसरे मैच में फुलर लेंथ गेंदबाजी की। इसका फायदा भी मिला और भारत ने विपक्षी टीम को खुलकर खेलने से रोके रखा। कप्तान ने कहा, "हां, जैसा कि हमने पिछले मैच में चर्चा की थी, कुछ चीजें अनजान थीं – बेशक, हमने जिम्बाब्वे टीम की कुछ बल्लेबाजों को देखा था, लेकिन आज हमारे पास बेहतर योजनाएं थीं क्योंकि हमें पता था कि उन्होंने पहले मैच में कैसी बल्लेबाजी की थी (इसलिए हमने आगे गेंदबाजी की)। हमारे पास कई अच्छी योजनाएं थीं, लेकिन आप चाहे कितनी भी योजना बना लें, अंत में गेंदबाजों को आकर उसे मैदान पर लागू करना होता है। और आज मुझे लगा कि उन्होंने बिल्कुल सटीक गेंदबाजी की।"
मंधाना ने 25 गेंदों में 55 रन बनाने के लिए शेफाली की तारीफ करते हुए कहा, "शेफाली पावरप्ले में अपना काम बखूबी कर रही थीं; जिस तरह से वह जोरदार शॉट लगा रही थीं, मुझे उन्हें सिंगल देकर बहुत खुशी हुई। जब भी मुझे मौका मिला, मैंने भी शॉट खेले। कुल मिलाकर, हम इसी तरह की क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं और आगे भी ऐसा ही खेलना जारी रखेंगे।"
--आईएएनएस
आरएसजी
