गेंद के बाद बल्ले से चमके निखिल चौधरी, ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 में इंग्लैंड को 3 विकेट से हराया
मेलबर्न, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में इंग्लैंड को 3 विकेट से हराया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड से मिले 188 रनों के लक्ष्य को 19.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जेक फ्रेजर-मैकगर्क महज एक रन बनाकर लियाम डॉसन का शिकार बने। हालांकि, इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और सैम हार्मर ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी निभाई। हार्मर महज 15 गेंदों में 32 रनों की आतिशी पारी खेलने के बाद आउट हुए। वहीं, मार्श 32 गेंदों में 37 रन बनाकर सैम करन की गेंद पर लियाम डॉसन को कैच दे बैठे।
हालांकि, गेंदाबजी में दो विकेट लेने के बाद नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे निखिल चौधरी ने एक तरफ से विकेट गिरने के बावजूद एक छोर को संभाले रखा और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। निखिल पारी के 18वें ओवर में 38 गेंदों में 66 रनों की दमदार पारी खेलने के बाद आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 173 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 2 छक्के लगाए। टिम डेविड ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए। लैकलन शॉ (5 रन) और जोएल डेविस (1 रन) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
ऑस्ट्रेलियाई पारी के 19वें ओवर में विल जैक्स बेन ड्वार्शुइस के एक जोरदार शॉट को अपनी ही गेंदबाजी में रोकने के प्रयास में बुरी तरह से चोटिल हो गए, जिसके चलते वह अपना ओवर भी पूरा नहीं कर सके और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। हेनरी क्रोकोम्बे ने 19वें ओवर को पूरा किया। आखिरी ओवर में जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को 11 रनों की जरूरत थी। हालांकि, जैक एडवर्ड्स ने ओवर की पहली ही बॉल पर जोरदार सिक्स लगाया। अगली चार गेंदों पर 5 रन जोड़ते हुए एडवर्ड्स ने ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। एडवर्ड्स 11 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में विल जैक्स ने 2, जबकि लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन और सैम करन ने एक-एक विकेट चटकाया।
इससे पहले, इंग्लैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 187 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिल साल्ट (0) और एन्यूरिन डोनाल्ड सस्ते में पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉम बैंटन संग मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 97 रनों की आतिशी साझेदारी निभाई। ब्रूक ने अपना अर्धशतक 20 गेंदों में पूरा किया। वह 28 गेंदों में 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर निखिल चौधरी का शिकार बने। वहीं, बैंटन 22 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए।
सैम करन ने 21 रनों का योगदान दिया, तो जॉर्डन कॉक्स ने 20 गेंदों में 27 रन बनाए। हालांकि, विल जैक्स बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 3 रन बनाकर आउट हुए। लियाम डॉसन ने 14 गेंदों में 17 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में जैक एडवर्ड्स ने 3 ओवर में 27 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं, निखिल चौधरी ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम
