जीडीपी के आंकड़ों ने विपक्ष की आर्थिक बदहाली वाली स्क्रिप्ट बदली : पंकज चौधरी
लखनऊ, 1 सितंबर (आईएएनएस)। देश की अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्ष के लगातार सवालों के बीच वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों को भारत की मजबूत आर्थिक विकास यात्रा का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर हर मंच से मातम मनाता है, लेकिन जीडीपी के आंकड़ों ने उसकी पूरी राजनीतिक स्क्रिप्ट बदल दी है।
पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की देखरेख में पहली तिमाही में देश की जीडीपी 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। यह आंकड़ा भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती और लगातार जारी विकास की तस्वीर पेश करता है।
उन्होंने कहा, " विनिर्माण क्षेत्र में 9.2 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 10 प्रतिशत की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।''
वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को 'डेड इकॉनमी' बताने वाले नेताओं को अब देश की आर्थिक तरक्की से भी परेशानी होगी। विपक्ष की राजनीति निराशा पर चलती है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार विकास पर चलती है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष आंकड़ों से नाराज हो सकता है, लेकिन देश की जनता भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था से खुश है। भारत की विकास यात्रा लगातार जारी है और विपक्ष चाहे जितना शोर मचा ले, जीडीपी का स्कोरबोर्ड प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के अनवरत विकास की कहानी बता रहा है।
पंकज चौधरी ने कहा कि मजबूत जीडीपी वृद्धि न केवल अर्थव्यवस्था की गति को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि भारत वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने पर है और इसके परिणाम अब आंकड़ों में भी दिखाई दे रहे हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके
