Aapka Rajasthan

गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को किया गिरफ्तार, 2 फरार

गाजियाबाद, 23 अगस्त (आईएएनएस)। जिले के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में रविवार को स्वाट एवं सर्विलांस टीम नगर जोन तथा थाना सिहानी गेट पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
 

गाजियाबाद, 23 अगस्त (आईएएनएस)। जिले के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में रविवार को स्वाट एवं सर्विलांस टीम नगर जोन तथा थाना सिहानी गेट पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, 22 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश ऑटो में सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर नगर जोन की स्वाट और सर्विलांस टीम, सिहानी गेट पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ऑटो लेकर भागने लगे और कुछ दूरी पर ऑटो छोड़कर पैदल फरार होने लगे।

भागते समय आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान शाकिर और पवन के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

पुलिस ने घायल बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो कान के टॉप्स और वारदात में इस्तेमाल किया जा रहा ऑटो बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में कई टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसके पहले 21 अगस्त को लोनी थाना पुलिस ने वांछित एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि थाना लोनी क्षेत्र के निठोरा अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई।

इसके बाद आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सचिन बताया। आरोपी ने 20 अगस्त की रात गिरि मार्केट में एक घर में घुसकर चोरी करने की बात कबूल की थी।

--आईएएनएस

ओपी/एएस