गया हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ ने संदिग्ध सोने का बिस्कुट किया बरामद
गया, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उच्च स्तरीय सतर्कता और पेशेवर निगरानी का उत्कृष्ट परिचय देते हुए, गया हवाई अड्डे पर तैनात केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने बुधवार को नियमित प्री-एम्बार्कशन सुरक्षा जांच (पीईएससी) के दौरान तस्करी का संदिग्ध सोना बरामद किया।
28 अक्टूबर को लगभग 11:40 बजे गया हवाई अड्डे के घरेलू सुरक्षा होल्ड क्षेत्र (एसएचए) में इंडिगो की घरेलू उड़ान से कोलकाता जाने वाले एक यात्री ने अपने हैंड बैगेज को प्री-एम्बार्कशन सुरक्षा जांच बिंदु पर स्क्रीनिंग के लिए रखा। एक्स-रे बैगेज निरीक्षण प्रणाली (एक्स-बीआईएस) के दौरान ड्यूटी पर तैनात सतर्क सीआईएसएफ स्क्रीनर ने बैग के भीतर छिपी एक असामान्य सघन धात्विक वस्तु की छवि देखी और तुरंत उस बैग को गहन भौतिक जांच (फिजिकल चेक) के लिए अलग किया।
बैगेज की विस्तृत जांच करने पर लगभग 110 ग्राम वजनी बिस्कुट के आकार की सुनहरे रंग की एक धात्विक वस्तु बरामद हुई, जिसके सोना होने का संदेह है। यात्री इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
त्वरित अंतर-एजेंसी समन्वय का प्रदर्शन करते हुए सीआईएसएफ एएसजी गया के क्राइम इंटेलिजेंस विंग (सीआईडब्ल्यू) ने तत्काल गया एवं पटना स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में सूचित किया। इसके साथ ही, त्वरित कार्रवाई हेतु सीआईएसएफ एएसजी कोलकाता को भी अग्रिम सूचना साझा की गई।
विमान के कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने पर आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा उक्त यात्री को वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत हिरासत में ले लिया गया तथा आगे की आवश्यक जांच शुरू कर दी गई।
सीआईएसएफ द्वारा की गई यह त्वरित बरामदगी और एजेंसियों के बीच सटीक समन्वय, देश के नागरिक उड्डयन नेटवर्क में बल के कड़े प्रवेश नियंत्रण, 24 घंटे की सतर्कता और शून्य-त्रुटि (जीरो-एरर) सुरक्षा व्यवस्था के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
--आईएएनएस
डीकेपी/
