गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी, साढ़े तीन साल में चोरी के 3180 मामलों का खुलासा, 450 गैंग का पर्दाफाश
गौतमबुद्ध नगर, 20 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने चोरी और वाहन चोरी जैसी संपत्ति संबंधी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस द्वारा पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान चलाए गए विशेष अभियान के तहत हजारों मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी संख्या में अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने चोरी एवं वाहन चोरी से जुड़े कुल 3180
मामलों का खुलासा किया गया। इस दौरान 4823 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 450 सक्रिय और संगठित आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश किया गया। पुलिस की इस उपलब्धि को कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी की संपत्ति भी बरामद की है। बरामदगी में कुल 1681 वाहन शामिल हैं। इसके अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन, आरआरयू, सोने-चांदी के आभूषण, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घरेलू सामान और नगद धनराशि भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद संपत्तियों और नकदी का कुल अनुमानित मूल्य 47 करोड़ 61 लाख 13 हजार 916 रुपए है, जो चोरी हुई कुल संपत्ति का लगभग 83.95 प्रतिशत है।
यह आंकड़ा पुलिस की प्रभावी जांच और बरामदगी अभियान की सफलता को दर्शाता है। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी के साथ-साथ पुलिस की प्राथमिकता चोरी और गुम हुई संपत्ति को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना भी है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षित, भयमुक्त और विश्वासपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। चोरी, वाहन चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
