Aapka Rajasthan

गौतमबुद्धनगर में 32 केंद्रों पर होगी पीईटी 2026 परीक्षा, तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट

गौतमबुद्धनगर, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में आगामी 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को कुल 32 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
 

गौतमबुद्धनगर, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में आगामी 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को कुल 32 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।

परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां परीक्षा से पहले पूरी कर ली जाएं।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंचें और परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।

उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की जाएगी। यदि किसी केंद्र पर कोई सुविधा अधूरी मिलती है या सीसीटीवी कैमरा ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो उसे तत्काल दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जाए। परीक्षा में नकल और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए प्रवेश द्वार पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विशेष नजर रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अभ्यर्थी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश न कर सके। प्रशासन का उद्देश्य आयोग के निर्धारित नियमों का पालन कराते हुए परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने परीक्षा संचालन से संबंधित नियमों, निर्धारित मानकों और जिम्मेदारियों के बारे में प्रशिक्षण देते हुए सभी अधिकारियों से निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार, डॉ. पूर्वा शर्मा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा और कमियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि निर्धारित तिथियों पर परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से कराया जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी