गर्मियों में विदेशी पर्यटकों की पसंद बन रहा चीन
बीजिंग, 27 जुलाई (आईएएनएस)। इस गर्मी में दुनिया के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला। ऐसे में ठंडे और खूबसूरत ग्रीष्मकालीन पर्यटन स्थलों की मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है। चीन अपने समृद्ध सांस्कृतिक और पर्यटन संसाधनों, बेहतर होती पर्यटन सेवाओं और विदेशी पर्यटकों के लिए आसान होती प्रवेश सुविधाओं के कारण गर्मी से राहत पाने वालों के लिए एक नया आकर्षक विकल्प बनकर उभरा है।
रोमांचक दृश्यों और शानदार विशेष प्रभावों से भरपूर फिल्म 'पेगासस 3' इस समय चीन के वार्षिक बॉक्स ऑफिस चार्ट में शीर्ष पर बनी हुई है। फिल्म की शूटिंग छिंगहाई में हुई, जहां गोबी रेगिस्तान और तानश्या भू-आकृतियां हैं। इन जगहों की खूबसूरती अब बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। जुलाई और अगस्त में यहां का औसत तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहता है। सुहावने मौसम के कारण गर्मी से बचने के लिए बड़ी संख्या में यूरोपीय पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
पोलैंड की पर्यटक बीता जोनेनबर्ग-जावोर्स्का ने कहा कि छिंगहाई की राजधानी शिनिंग प्राकृतिक सुंदरता और बेहतरीन पारिस्थितिक वातावरण वाला शहर है। उन्होंने कहा कि दूसरे शहरों की गर्मी झेलने के बाद यहां का ठंडा और आरामदायक मौसम बेहद ताजगी भरा लगा। यहां हमने बहुत अच्छा समय बिताया।
हुनान प्रांत के चांगच्याच्ये में स्थित थ्येनमेन पर्वत और वुलिंगयुआन जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी गर्मियों में पर्यटकों की पसंद बने हुए हैं। यहां गर्मियों के दौरान औसत तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। अपनी अनोखी शिखर-वन-घाटी भू-आकृति और ऊंची चट्टानों पर बनी खूबसूरत पगडंडियों के कारण यह क्षेत्र कई चीनी और विदेशी फिल्मों की शूटिंग का प्रमुख स्थान रहा है। इस गर्मी में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक गर्मी से राहत पाने के लिए चांगच्याच्ये पहुंचे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, जुलाई से चांगच्याच्ये ग्रैंड कैन्यन पर्यटन क्षेत्र में हर दिन करीब 10,000 पर्यटक पहुंच रहे हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक विदेशी पर्यटक हैं।
पर्यटन प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के मुताबिक, इस गर्मी में चीन आने वाले पर्यटकों के शीर्ष 20 वैश्विक स्रोत देशों और क्षेत्रों में यूरोपीय देशों की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत रही।
वहीं, पर्यटक टिकटों के ऑर्डर में पिछले वर्ष की तुलना में 275 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा, दर्शनीय स्थलों के टिकटों की बुकिंग में पिछले साल के मुकाबले 20 गुना से अधिक वृद्धि हुई है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
