Aapka Rajasthan

गरीब और मध्यम वर्ग के लिए वरदान साबित हुई प्रधानमंत्री आवास योजना: राजन भाई व्यास

जामनगर, 27 मई (आईएएनएस)। गुजरात के जामनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सरकार की योजनाओं की सराहना की। जामनगर पुलिस मुख्यालय के पीछे स्थित सरला बेन पीएम आवास योजना परिसर में लगभग 300 फ्लैट बनाए गए हैं, जहां वर्तमान में बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं।
 
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस आवासीय परियोजना में लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिसर में बच्चों के खेलने के लिए बड़ा पार्क, पार्किंग की व्यवस्था, लिफ्ट, गैस पाइपलाइन और अन्य आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। लोगों का कहना है कि मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना काफी लाभकारी साबित हुई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी राजन भाई व्यास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार आम लोगों के हित में योजनाएं शुरू कर रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

राजन भाई व्यास ने कहा, “हम प्रधानमंत्री के बेहद आभारी हैं। उन्होंने हमारे जैसे लोगों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिसका लाभ हमें मिल रहा है। हमें उम्मीद है कि आगे भी वे नई योजनाएं लाकर लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का काम करेंगे।”

वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के एक अन्य लाभार्थी केतन धामेचा ने भी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिला है, जिससे उनका परिवार बेहद खुश है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

केतन धामेचा ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं कि मुझे इस योजना के तहत मकान मिला। सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। इससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का असर गांवों और शहरों दोनों जगह देखने को मिल रहा है।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी सरकार इसी तरह जनहित की योजनाएं लागू करती रहेगी। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे प्रयासों ने हजारों परिवारों को सुरक्षित और बेहतर जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी