Aapka Rajasthan

गंगासागर मेले को मिले राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान, 'वंदे मातरम' के सम्मान के लिए बने कानून: जगन्नाथ सरकार

नादिया, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने गंगासागर मेले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने वंदे मातरम के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित कानून का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्र के सम्मान और अखंडता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
 

नादिया, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने गंगासागर मेले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने वंदे मातरम के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित कानून का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्र के सम्मान और अखंडता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

जगन्नाथ सरकार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि गंगासागर मेला केवल पश्चिम बंगाल का आयोजन नहीं है; यह पूरे देश की आस्था का प्रतीक है। इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों, भाषाओं और समुदायों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। अनेक लोगों की जीवनभर यह इच्छा रहती है कि वे कम से कम एक बार गंगासागर की यात्रा अवश्य करें। इसकी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को देखते हुए गंगासागर मेले को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान और सम्मान मिलना चाहिए।

मतदाता सूची के संशोधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि यदि किसी नागरिक का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से छूट गया है, तो इससे उसकी नागरिकता समाप्त नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को दोबारा आवेदन करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए और सरकार के पास ऐसे प्रभावी तंत्र होने चाहिए, जिनके माध्यम से देश के वास्तविक और वैध नागरिकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

वंदे मातरम के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित कानून पर जगन्नाथ सरकार ने कहा कि देश में रहकर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों या राष्ट्र के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। ऐसे में यदि कोई इसके सम्मान में बाधा डालता है या इसका अपमान करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने के लिए सख्त कानून समय की आवश्यकता है और इस दिशा में केंद्र सरकार का कदम उचित है।

आम आदमी पार्टी (आप) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी पर भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो बातें कही हैं, वे पूरी तरह सही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त रही है और इसके समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं। यदि कोई इन आरोपों को गलत साबित करना चाहता है, तो उसे तथ्यों और सबूतों के साथ सामने आना चाहिए। जनता के सामने सच्चाई रखना लोकतंत्र का हिस्सा है और भ्रष्टाचार के मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके