Aapka Rajasthan

कर्नाटक : गणेशोत्सव पर इंस्पेक्टर के निर्देश से विवाद, प्रह्लाद जोशी ने सस्पेंड करने की मांग की

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक के मैसूर में टी. नरसीपुरा के पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय के कथित धमकी भरे बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कर्नाटक सरकार से इंस्पेक्टर को तुरंत सस्पेंड करने की मांग की है।
 

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक के मैसूर में टी. नरसीपुरा के पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय के कथित धमकी भरे बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कर्नाटक सरकार से इंस्पेक्टर को तुरंत सस्पेंड करने की मांग की है।

प्रह्लाद जोशी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "अगर हिंदुओं को अपने ही देश में, अपनी ही जमीन पर गणेशोत्सव को भव्य रूप से मनाने के लिए चिल्लाना और शोर मचाना पड़े, तो इससे बड़ा दुर्भाग्य और कोई नहीं है!" उन्होंने सवाल उठाया कि मैसूर के टी. नरसीपुरा के इंस्पेक्टर को गणेश समिति के युवाओं को सार्वजनिक रूप से धमकाने की हिम्मत किसने दी।

प्रह्लाद जोशी ने लिखा, "क्या यह अधिकार पुलिस विभाग को गृह मंत्री ने दिया है या यह डीके शिवकुमार की कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति का फरमान है।"

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि कानून-व्यवस्था की रक्षा करने वाले अधिकारी का किसी समुदाय विशेष के एजेंट की तरह काम करना और लोगों को डराना-धमकाना अक्षम्य अपराध है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत इंस्पेक्टर धनंजय को सेवा से निलंबित करे, जिन्होंने भक्ति के साथ त्योहार मनाने आए युवकों को धमकाया है।

उन्होंने कहा, "कानून-व्यवस्था की आड़ में हिंदू त्योहारों के उत्सव को बाधित करने का प्रयास इस सरकार की हिंदू विरोधी नीति को दर्शाने वाला एक स्पष्ट आईना है। हम किसी भी परिस्थिति में हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और भक्ति भावनाओं पर प्रहार करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

दरअसल, कर्नाटक के टी. नरसीपुरा के पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से दिशा-निर्देश जारी किए थे। इस दौरान उन्होंने गणेश समिति के युवाओं को जिस लहजे में बात की, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में उनके बात करने के तरीके और शब्दों को लेकर आपत्ति जताई गई।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम