गांधीनगर: अवैध संबंध के विवाद में व्यक्ति की हत्या, तीन संदिग्ध आरोपी गिरफ्तार
गांधीनगर, 6 जून (आईएएनएस)। गुजरात के गांधीनगर जिले में महिला से अवैध संबंध की कोशिश का विरोध करने पर उसके पति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी आयुष जैन ने बताया कि 3 जून की शाम पेथापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि रंधेजा रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान रंधेजा गांव निवासी मगनजी ठाकुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने लालाजी ठाकुर, सुरेश सिंह और दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी लालाजी ठाकुर, मगनजी की पत्नी के साथ संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद तीनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से मगनजी ठाकुर को अपनी गाड़ी में बैठाया। इसके बाद वाहन में ही गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को रंधेजा रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक खाली प्लॉट में फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
