गांदरबल पुलिस ने सफापोरा पोस्ट ऑफिस से 4 किलो कोकीन सहित पार्सल पकड़ा, एक गिरफ्तार
गांदरबल, 10 अगस्त (आईएएनएस)। बदले की साजिश में एक पति को नशीले पदार्थों के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश नाकाम हो गई। गांदरबल पुलिस ने सफापोरा पोस्ट ऑफिस में भेजे गए संदिग्ध पार्सल को जब्त कर करीब 4 किलो कोकीन-मिश्रित पाउडर, 80 ग्राम चरस, और साइकोट्रोपिक टैबलेट्स बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त को सफापोरा पुलिस स्टेशन को यूटी के बाहर से आए एक संदिग्ध पार्सल के बारे में पक्की सूचना मिली। पार्सल सफापोरा के एक निवासी के नाम पर भेजा गया था। सूचना मिलते ही एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पार्सल को सफापोरा पोस्ट ऑफिस में ही रोक लिया गया। प्रक्रिया के अनुसार एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट, एफएसएल टीम, क्राइम टीम और स्निफर डॉग स्क्वाड की मौजूदगी में पार्सल खोला गया। तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखे गए संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद हुए।
पुलिस ने सामान को तुरंत जब्त कर लिया और पुष्टि के लिए सैंपल एफएसएल लैब भेजे। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पार्सल में लगभग 4 किलो कोकीन-मिश्रित पाउडर, 80 ग्राम चरस और प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक टैबलेट्स थीं। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि यह पूरा मामला बदले की भावना से किया गया था। कंसाइनमेंट पार्सल पाने वाले व्यक्ति को ड्रग्स के झूठे मामले में फंसाने के इरादे से भेजा गया था।
जांच में पुलिस को उसकी पत्नी के पूर्व साथी की भूमिका मिली। आरोपी की पहचान जैनाकोट, श्रीनगर निवासी तारिक अहमद सोफी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तारिक ने यूटी के बाहर मौजूद अपने एक संपर्क के जरिए यह कंसाइनमेंट मंगवाकर सफापोरा भेजा था, ताकि पार्सल पाने वाले को कानूनी मामले में फंसाया जा सके। पुलिस ने तारिक सोफी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं।
गांदरबल पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक बड़े नेटवर्क के शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब पता लगा रही है कि नशीले पदार्थ कहां से मंगवाए गए, यूटी के बाहर संपर्क में कौन था, और इस साजिश में और कौन-कौन शामिल हैं।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
