गाबा में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी 'फ्लॉप', बारिश से प्रभावित मुकाबले को इंग्लैंड ने 7 विकेट से जीता, टी20 सीरीज में 2-1 से बढ़त
ब्रिस्बेन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने बारिश से प्रभावित टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर 7 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।
वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बाद इंग्लैंड ने टी20 सीरीज का पहला मैच गंवा दिया था। इसके बाद अगले मुकाबले को 8 विकेट से जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली। अब बढ़त हासिल करने के बाद इंग्लैंड की टीम 29 नवंबर और 2 दिसंबर को क्रमश: सिडनी और कैनबरा में सीरीज के शेष मुकाबले खेलेगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 16.5 ओवरों में महज 108 रन पर सिमट गई। यह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया का अपने घरेलू मैदान पर टी20 क्रिकेट में न्यूनतम स्कोर है। मेजबान टीम को 11 के स्कोर पर कप्तान मिचेल मार्श (11) के रूप में बड़ा झटका लग गया था। इसके बाद जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने सैम हार्पर के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 55 रन तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया को 5.1 ओवर में हार्पर के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 14 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। मैकगर्क 11 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इनके अलावा, निखिल चौधरी ने 19 रन, जबकि मिचेल ओवन ने 17 रन बनाए।
विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन ने 4 ओवरों में सिर्फ 12 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि लियाम डॉसन ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, सैम करन ने 1 विकेट झटका।
इसके जवाब में, इंग्लैंड ने 8.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली। सलामी जोड़ी के रूप में फिलिप साल्ट ने एन्यूरिन डोनाल्ड के साथ 14 गेंदों में 24 रन की साझेदारी की। साल्ट 7 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने डोनाल्ड के साथ मोर्चा संभाला। इंग्लैंड ने 3.5 ओवरों में 1 विकेट गंवाकर 45 रन बना लिए थे। इसी बीच बारिश ने दखल दिया। खेल जब दोबारा शुरू हुआ, तब तक टीम को 97 गेंदों में 64 रन की दरकार थी।
पांचवें ओवर में टीम को कप्तान हैरी ब्रूक (9) और डोनाल्ड (32) के रूप में दो झटके लगे और छठे ओवर में इंग्लैंड के खाते में सिर्फ 4 रन जुड़ सके। इंग्लैंड ने 6 ओवरों की समाप्ति तक 3 विकेट खोकर 53 रन बना लिए थे। इसके बाद फिर से बारिश ने व्यवधान पैदा किया। खेल फिर से शुरू हआ, तो टीम को 17 ओवरों में 98 रन का लक्ष्य दिया गया।
इसके बाद जॉर्डन कॉक्स और टॉम बैंटन ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने 8.4 ओवोरों तक टीम को 91/3 के स्कोर तक पहुंचा दिया था। इस बीच फिर से बारिश ने दखल दिया और इंग्लैंड की पारी का एक और ओवर कम कर दिया गया। पुन: संशोधित लक्ष्य के तहत यहां से मेहमानों को जीत के लिए सिर्फ 2 रन की दरकार थी और मैच शुरू होने के बाद पहली ही गेंद पर कॉक्स ने डबल लेकर इंग्लैंड को मैच जिता दिया। कॉक्स (नाबाद 33) और बैंटन (नाबाद 10) के बीच 24 गेंदों में 44 रन की अटूट साझेदारी हुई। इंग्लैंड की तरफ से तीनों विकेट रिले मेरेडिथ ने हासिल किए।
--आईएएनएस
आरएसजी
