Aapka Rajasthan

फ्रांस के राष्ट्रपति ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग में भी लहराया गया तिरंगा

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत को आजादी की 80वीं सालगिरह पर देश-दुनिया से शुभकामना संदेश आ रहे हैं। दूतावास और मिशनों में गर्व के साथ जश्न-ए-आजादी मनाई जा रही है। इस शुभ अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी बधाई दी। वहीं पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर में भी ध्वजारोहण की परंपरा निभाई गई।
 

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत को आजादी की 80वीं सालगिरह पर देश-दुनिया से शुभकामना संदेश आ रहे हैं। दूतावास और मिशनों में गर्व के साथ जश्न-ए-आजादी मनाई जा रही है। इस शुभ अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी बधाई दी। वहीं पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर में भी ध्वजारोहण की परंपरा निभाई गई।

विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी जा रही है। एशिया से लेकर यूरोप तक हमारी ऐतिहासिक यात्रा और संस्कृति की प्रशंसा कर रहे हैं। फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने एक्स पर लिखा, 80वें स्वतंत्रता दिवस की भारत के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं।

वहीं, इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में भी आजादी का जश्न जोरों शोरों से मनाया गया। बापू की आदमकद मूर्ति पर चार्ज डी'अफेयर्स (कार्यवाहक उच्चायुक्त) डॉ. सत्यांजल पांडे ने फूल समर्पित किए और प्रांगण में तिरंगा फहराया। एक्स पर तस्वीरों के साथ उच्चायोग ने बताया कि पांडे ने भारत की माननीय राष्ट्रपति का "राष्ट्र के नाम संबोधन" पढ़ा।

ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर को शुभकामना संदेश भेजा। उन्होंने एक्स पोस्ट में एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस की एस जयशंकर, भारत के लोगों और ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं।

वोंग के अनुसार, दोनों देश हाल के दिनों में बेहद करीब आए हैं और शांति, स्थिरता और खुशहाली के प्रति दोनों ही समर्पित हैं।

वहीं, भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने भी एक्स पर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में लिखा "भारत में जापान के राजदूत के रूप में इस अद्भुत देश की समृद्ध संस्कृति, उल्लेखनीय विविधता और गतिशील भावना का अनुभव करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। इस खास दिन पर भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं!"

इसके साथ ही उन्होंने हिंदी में वीडियो संदेश जारी किया।अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "नमस्ते इंडिया, स्वतंत्रता दिवस की आपको हार्दिक शुभकामनाएं।" संदेश के अंत में दूतावास की पूरी टीम हाथों में तिरंगा लेकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते दिखे।

--आईएएनएस

केआर/