Aapka Rajasthan

फुटबॉल : रूस ने फ्रेंडली मैच में भारतीय महिला अंडर-17 टीम को 3-0 से हराया

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के सोची स्थित मात्सेस्ता फुटबॉल सेंटर में खेले गए अंडर-17 महिला टीमों के फ्रेंडली मैच में भारत की अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम को रूस के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। यह दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला था। पहले मैच में भी भारत को 0-4 से हार झेलनी पड़ी थी।
 
मैच की शुरुआत से ही रूस की टीम ज्यादा आक्रामक नजर आई। मैच के शुरुआती मिनटों में रूस ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर मुन्नी ने अच्छा बचाव किया। हालांकि, 18वें मिनट में रूस की सोफिया स्व्यात्नाया ने फ्री-किक पर गोल करके रूस को 1-0 की बढ़त दिला दी। सोफिया ने बाईं ओर से एक फ्री-किक मारी, जिसे मुन्नी को आसानी से पकड़ लेना चाहिए था, लेकिन गोलकीपर गेंद की गति का सही अंदाजा नहीं लगा पाईं, जिससे गेंद फिसलकर गोल-लाइन के पार चली गई।

1-0 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने खेल में सुधार किया और कुछ दमदार हमले किए। भारत की ओर से वैलाइना फर्नांडिस और ओलिविया चानू ने कुछ मौके बनाए, लेकिन रूस की गोलकीपर ने अच्छे बचाव किए। पहले हाफ में भारत बराबरी करने के करीब भी पहुंचा, लेकिन गोल नहीं हो सका और रूस 1-0 से आगे रहा।

दूसरे हाफ की शुरुआत भारत के लिए खराब रही। 49वें मिनट में डिफेंस की गलती के कारण रूस को एक और गोल का मौका मिला, जिसे वालेरिया मेनयाइलोवा ने आसानी से गोल में तब्दील कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद, 52वें मिनट में मेनयाइलोवा ने एक और गोल करके रूस की बढ़त 3-0 कर दी।

तीन गोल से पीछे होने के बावजूद भारतीय टीम ने वापसी करने का पूरा प्रयास किया और लगातार अटैक किया। 70वें मिनट में पर्ल फर्नांडिस ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन रूस की गोलकीपर एमेलियानोवा ने शानदार बचाव किया और भारत को गोल करने से रोक दिया।

पूरे मुकाबले में भारतीय टीम ने मौके तो कई बनाए, लेकिन अहम समय पर गलतियों और फिनिशिंग की कमी के कारण टीम गोल नहीं कर पाई। वहीं, रूस ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया और शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। भारतीय टीम और रूस के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला अब 17 अप्रैल को खेला जाएगा। इस सीरीज को एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम