फुटबॉल: एम्बाप्पे को मसल्स इंजरी, शेष सीजन से रहना पड़ सकता है बाहर
मैड्रिड, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे ला लीगा 2025-26 सीजन के आखिरी 5 मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं। क्लब ने पुष्टि की है कि उन्हें शुक्रवार रात रियल बेटिस के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ मैच के दौरान मांसपेशियों में चोट लगी थी।
एम्बाप्पे को मैच खत्म होने से 10 मिनट पहले मैदान छोड़ना पड़ा, उस समय रियल मैड्रिड 1-0 से आगे थी, लेकिन अंत में हेक्टर बेलेरिन ने बराबरी का गोल दाग दिया, जिससे इस सीजन खिताब जीतने की मैड्रिड की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
रियल मैड्रिड की वेबसाइट ने बताया, "आज किलियन एम्बाप्पे पर किए गए टेस्ट के बाद, उनके बाएं पैर की सेमीटेंडिनोसस मांसपेशी में चोट का पता चला है।"
रियल मैड्रिड ने एम्बाप्पे की वापसी को लेकर कोई तारीख नहीं बताई है। क्लब ने सिर्फ इतना बताया है कि वे इस फ्रांसीसी खिलाड़ी की रिकवरी का इंतजार कर रहे हैं, जिन्होंने इस सीजन ला लीगा में 24 गोल किए हैं।
इस गर्मी में होने वाले वर्ल्ड कप की नजदीकी भी एक अहम वजह है। यह टूर्नामेंट 11 जून से शुरू हो रहा है और एम्बाप्पे फ्रांस के लिए एक अहम भूमिका निभाने वाले हैं।
ला लीगा क्लब ने सोमवार को पुष्टि की है कि रियल बेटिस के साथ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में तकलीफ महसूस होने के बाद एम्बाप्पे के बाएं पैर में सेमीटेंडिनोसस मांसपेशी की चोट का पता चला है।
एम्बाप्पे को अपनी हैमस्ट्रिंग में तकलीफ महसूस हुई और उन्होंने दूसरे हाफ के 35वें मिनट में सब्स्टीट्यूट किए जाने का अनुरोध किया। इसके बाद 81वें मिनट में उनकी जगह गोंजालो गार्सिया को मैदान पर उतारा गया। सोमवार को किए गए मेडिकल टेस्ट के बाद इस चोट का पता चला। हालांकि, क्लब ने उनके ठीक होने के लिए कोई तय समय-सीमा नहीं बताई है।
एम्बाप्पे ने रियल मैड्रिड के लिए बेटिस के खिलाफ अपना 100वां मैच खेला। स्टार फॉरवर्ड ने क्लब के साथ अपने दूसरे सीजन में यह उपलब्धि हासिल की। इन 100 मुकाबलों में एमबाप्पे ने 66 जीत दर्ज की हैं और सभी प्रतियोगिताओं में कुल 85 गोल किए हैं।
14 अगस्त 2024 को अपने डेब्यू के बाद से, उन्होंने ला लीगा में 62 मैच, चैंपियंस लीग में 25, कोपा डेल रे में 5, क्लब वर्ल्ड कप में 4, स्पेनिश सुपर कप में 3 और यूईएफए सुपर कप में 1 मैच खेला है।
--आईएएनएस
आरएसजी
