फ्लाईदुबई उड़ान की जांच करेगी एनआईएस, एंटी-हाइजैकिंग एक्ट और यूएपीए के तहत केस दर्ज
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय कप्तान पर हुए कथित हमले और विमान को हाईजैक करने की साजिश के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कठोर आतंकवाद-रोधी और विमान अपहरण संबंधी कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है।
एनआईए सूत्रों के अनुसार, एजेंसी इस घटना को केवल विमानन सुरक्षा से जुड़ा अपराध नहीं बल्कि संभावित आतंकी साजिश और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े एंगल से भी जांच रही है।
एनआईए ने इस मामले में एक एफआईआर दर्ज की है। इस एफआईआर में एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, 2016 की धारा 3 को शामिल किया गया है, जो बल, धमकी या डर पैदा कर विमान के अपहरण अथवा उस पर नियंत्रण हासिल करने के प्रयास से संबंधित है। इसके अलावा, एजेंसी ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 की धारा 16 को धारा 15(1)(ए) के साथ जोड़ा है ताकि कथित साजिश और संभावित आतंकी मंशा की जांच की जा सके।
एनआईए सूत्रों के मुताबिक, एफआईआर में यूएपीए की धारा 16, 18 और 20 भी लगाई गई हैं। इन धाराओं के तहत संभावित 'लोन वुल्फ' आतंकी हमले, साजिश, कट्टरपंथीकरण (रेडिकलाइजेशन) और आरोपी के किसी आतंकी संगठन या नेटवर्क से संभावित संबंधों की जांच की जाएगी।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अटॉर्नी जनरल हामद सैफ अल शम्सी ने खुलासा किया है कि फ्लाईदुबई के सह-पायलट 29 वर्षीय ओमानी नागरिक हमाम अल हमामी ने कथित तौर पर विमान का नियंत्रण अपने कब्जे में लेकर उसे इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट टर्मिनल से टकराने की योजना बनाई थी।
यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर 30 सितंबर को इस योजना को अंजाम देने का प्रयास किया। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले दो बार तेल अवीव की उड़ान भर चुका था ताकि रूट और एयरपोर्ट की जानकारी हासिल कर सके।
जांच के मुताबिक, घटना के समय विमान की कमान भारतीय कप्तान स्मित मच्छर के हाथ में थी। आरोप है कि सह-पायलट ने कॉकपिट के भीतर क्रैश एक्स से कप्तान पर हमला किया और विमान का नियंत्रण छीनने की कोशिश की। हालांकि कप्तान ने हमले का डटकर मुकाबला किया। इस दौरान रिजर्व पायलट, केबिन क्रू और कुछ यात्रियों ने भी हस्तक्षेप किया, जिससे कथित हाईजैकिंग की कोशिश नाकाम हो गई।
कप्तान के घायल होने के बाद रिजर्व पायलट ने विमान की कमान संभाली और उसे सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतार दिया। इस तरह एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
--आईएएनएस
एएमटी/पीएम
