Aapka Rajasthan

फिरोजाबाद में हत्या के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ देवेंद्र

फिरोजाबाद, 17 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना एका क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी देवेंद्र के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
 
पुलिस के मुताबिक, बीते 15 नवंबर की सुबह थाना एका क्षेत्र के एक गांव में प्रदीप नाम के युवक की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक प्रदीप और आरोपी देवेंद्र के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते देवेंद्र ने प्रदीप के साथ मारपीट की थी, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

इसी बीच मंगलवार तड़के पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि हत्या का वांछित आरोपी देवेंद्र नगला धारू के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के दौरान पुलिस की गोली आरोपी देवेंद्र के पैर में जा लगी। गोली लगने से वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए सामान के साथ एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हत्या की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

--आईएएनएस

एसएके/एएस