फिरोजाबाद में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर कार पलटने से न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौत
लखनऊ, 4 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दरअसल, बुधवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। इस भीषण हादसे में कार चला रहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई।
न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी मूलरूप से आगरा के मैनपुरी जिले के चंदीकरा गांव की रहने वाली थीं और वह फिलहाल फिरोजाबाद में तैनात थीं। यह घटना मक्खनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर हुई, जहां दो कारों की टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर पलट गई, जिसे न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी चला रही थीं।
हादसे में सोनम चतुर्वेदी को सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
सड़क हादसे की एक दूसरी घटना बुधवार को छत्तीसगढ़ से सामने आई, जहां कोरबा में सुबह-सुबह कुसमुंडा के गेवरा-टीपर मार्ग पर स्कूटी और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जबकि स्कूटी सवार युवती की भी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि रेलवे अंडरब्रिज मरम्मत के लिए बंद होने से भारी वाहनों का दबाव टीपर मार्ग पर बढ़ गया था। इसी वजह से इस वैकल्पिक मार्ग पर यातायात काफी ज्यादा था। हादसे के बाद वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान की कोशिश कर रही है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
