फीफा वर्ल्ड कप: स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेंगे नेमार, ब्राजील के कोच एंसेलोटी ने की पुष्टि
फिलाडेल्फिया, 20 जून (आईएएनएस)। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने बताया है कि टीम के स्टार खिलाड़ी नेमार फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप सी मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध होंगे।
नेमार का फिट होना ब्राजील के लिए राहत भरी खबर है। ब्राजील ने टूर्नामेंट के अपने दूसरे मुकाबले में हैती को 3-0 से हराया। इस जीत के साथ ही टीम ने नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है। 34 साल के नेमार 17 मई को सैंटोस क्लब के लिए खेलते समय दाहिने पैर की पिंडली में चोट लग गई थी। इसी वजह से वह अब तक वर्ल्ड कप के दोनों मैचों में नहीं खेल पाए हैं।
कोच एंसेलोटी ने कहा, "नेमार कल अकेले और सोमवार को टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे। वह स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।" वर्ल्ड कप टीम में शामिल होने के बाद से नेमार ने ब्राजील के साथ पूरे ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं लिया है। इसके बजाय, वह इस हफ्ते की शुरुआत में मेडिकल जांच के बाद एक व्यक्तिगत रिहैबिलिटेशन (फिजियोथेरेपी और रिकवरी) प्रोग्राम पर काम कर रहे हैं। बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन के पूर्व स्टार को मोरक्को के खिलाफ ब्राजील के पहले मुकाबले के लिए सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया गया था। हालांकि, वह मैच में नहीं खेले थे।
नेमार की वापसी ब्राजील के लिए एक अहम समय पर हुई है, खासकर तब जब विंगर राफिन्हा को हैती के खिलाफ पहले हाफ में हैमस्ट्रिंग चोट की आशंका के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। बार्सिलोना के इस फॉरवर्ड खिलाड़ी की आगे मेडिकल जांच की जाएगी। कोच एंसेलोटी ने भी कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि चोट कितनी गंभीर है।
एंसेलोटी ने कहा, "हमें उनकी जांच करनी होगी। हमें अभी तक पता नहीं चल सका है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है।" राफिन्हा के जाने से नेमार की वापसी और भी जरूरी हो गई है, क्योंकि ब्राजील को अपने सबसे अनुभवी अटैकिंग खिलाड़ी की कमी साफतौर पर महसूस हुई है। नेमार नॉकआउट राउंड में ब्राजील के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
