Aapka Rajasthan

फीफा वर्ल्ड कप: गोलरहित ड्रॉ रहा बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया मुकाबला

लॉस एंजिल्स, 22 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया ग्रुप जी का मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन शानदार गोलकीपिंग और मजबूत डिफेंस के कारण कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
 
फीफा वर्ल्ड कप: गोलरहित ड्रॉ रहा बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया मुकाबला

लॉस एंजिल्स, 22 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया ग्रुप जी का मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन शानदार गोलकीपिंग और मजबूत डिफेंस के कारण कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।

इस ड्रॉ के साथ ही बेल्जियम और ईरान को अभी भी इस विश्व कप में अपनी पहली जीत का इंतजार है। मैच की शुरुआत से ही बेल्जियम ने गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए। टीम के अनुभवी मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन ने शुरुआती मिनटों में ही लंबी दूरी से शॉट लगाया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के बाहर चली गई। इसके बाद डी ब्रुइन और लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने मिलकर कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन ईरान के गोलकीपर अलीरेजा बेरानवंद ने शानदार बचाव करते हुए बेल्जियम को बढ़त लेने से रोक दिया।

बेल्जियम ने मैच में ज्यादा समय तक गेंद पर अपनी नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन दूसरे छोर से ईरान ने भी आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में बेल्जियम के डिफेंस में हुई एक गलती के बाद होसैन कनानी को गोल करने का अच्छा मौका मिला, लेकिन बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टोइस ने बेहतरीन बचाव कर कनानी के अरमानों पर पानी फेर दिया।

ईरान को पहले हाफ में एक बार लगा कि उसने बढ़त हासिल कर ली है। मेहदी तारेमी ने एक शानदार मूव के बाद गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया, लेकिन रेफरी ने ऑफसाइड का फैसला देते हुए गोल को अमान्य करार दे दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने कुछ और मौके बनाए, लेकिन हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 ही रहा।

दूसरे हाफ में बेल्जियम ने खेल की रफ्तार बढ़ाई। एलेक्सिस सेलेमेकर्स और मैक्सिम डी क्यूपर ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन ईरानी गोलकीपर बेरानवंद फिर से दीवार बनकर खड़े रहे। दूसरी ओर, मेहदी तारेमी ने भी कुछ खतरनाक हमले किए, जिन्हें कोर्टोइस ने शानदार ढंग से रोका। मैच का सबसे बड़ा मोड़ 70वें मिनट के आसपास आया, जब बेल्जियम के डिफेंडर नाथन न्गोय ने गलती से गलत बैक पास दिया। इसके बाद उन्होंने गोल की ओर बढ़ रहे ईरानी खिलाड़ी को रोकने के लिए फाउल किया। रेफरी ने उन्हें सीधे रेड कार्ड दिखाया और बेल्जियम को बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

एक खिलाड़ी कम होने के बाद बेल्जियम पर दबाव बढ़ गया। गोलकीपर थिबॉट कोर्टोइस ने कई शानदार बचाव करके टीम को मैच में बनाए रखा। इसके बावजूद, बेल्जियम ने जीत हासिल करने की कोशिश जारी रखी। डेब्यू कर रहे मटियास फर्नांडीज-पार्डो ने अपनी तेज रफ्तार और आक्रामक खेल से प्रभावित किया, जबकि डोडी ल्यूकेबाकियो का शानदार कर्लिंग शॉट गोल पोस्ट के बेहद करीब से बाहर निकल गया। निर्धारित समय के बाद मिले अतिरिक्त पांच मिनटों में भी कोई गोल नहीं हुआ और मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस ड्रॉ के बाद बेल्जियम और ईरान दोनों के लिए अगले मैच बेहद महत्वपूर्ण हो गए हैं, क्योंकि दोनों टीमें अभी भी टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में हैं।

--आईएएनएस

एसएम/एएस