Aapka Rajasthan

फीफा वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया ने बनाई नॉकआउट स्टेज में जगह, 3-3 से ड्रॉ रहा रोमांचक मुकाबला

कैनसस सिटी, 28 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप जे में ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच खेला गया मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। कैनसस सिटी स्टेडियम में इस नतीजे के साथ ही दोनों टीमों ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है।
 

कैनसस सिटी, 28 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप जे में ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच खेला गया मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। कैनसस सिटी स्टेडियम में इस नतीजे के साथ ही दोनों टीमों ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है।

ऑस्ट्रिया ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि अल्जीरिया तीसरे स्थान पर रहते हुए सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर अगले दौर में पहुंचा। मैच की शुरुआत ऑस्ट्रिया के लिए अच्छी रही और टीम ने शुरुआती मिनटों में अल्जीरिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। ऑस्ट्रिया को आखिरकार मैच के 28वें मिनट में सफलता हाथ लगी। मार्को अर्नौटोविक ने लंबी गेंद को शानदार तरीके से नियंत्रित किया और गोलकीपर ओसामा बेनबोट को छकाते हुए टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

हालांकि, अल्जीरिया ने जल्द ही मैच में वापसी की। पहले फारेस चाइबी का शॉट गोलपोस्ट से टकराया, लेकिन इसके बाद रियाद महरेज ने तेजी दिखाते हुए गेंद राफिक बेलघाली तक पहुंचाई। बेलघाली ने आसान फिनिश करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत में ऑस्ट्रिया ने फिर बढ़त हासिल की। निकोलस सेवाल्ड के शानदार कट-बैक पास पर मार्सेल सबित्जर ने बॉक्स के बाहर से दमदार शॉट लगाकर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि, अल्जीरिया ने सिर्फ पांच मिनट बाद ही शानदार वापसी की। हौसेम औआर के शानदार क्रॉस पर कप्तान रियाद महरेज ने करीब से गोल करते हुए स्कोर को फिर से 2-2 से बराबर कर दिया।

मैच के अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। स्टॉपेज टाइम में महरेज ने एक और गोल कर अल्जीरिया को बढ़त दिलाई। हालांकि, ऑस्ट्रिया ने जोरदार पलटवार किया और मैच के आखिरी क्षणों में सब्स्टीट्यूट स्ट्राइकर सासा कलाजदजिक ने बेहतरीन गोल करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इस ड्रॉ के साथ ही ऑस्ट्रिया ने साल 1982 के बाद पहली बार नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई है। राउंड ऑफ 32 में टीम का मुकाबला 3 जुलाई को लॉस एंजिलिस में स्पेन से होगा। वहीं, अल्जीरिया 2014 के बाद दूसरी बार नॉकआउट चरण में पहुंचा है और उसका सामना वैंकूवर में स्विट्जरलैंड से होगा।

--आईएएनएस

एसएम/एएस