फीफा विश्व कप: मेक्सिको से हार के बाद इक्वाडोर के हेड कोच सेबेस्टियन बेकासे ने पद छोड़ा
मेक्सिको सिटी, 1 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप 2026 में मंगलवार को मेक्सिको और इक्वाडोर के बीच राउंड ऑफ 32 का मुकाबला खेला गया। मेक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हरा दिया। इस हार के बाद इक्वाडोर के हेड कोच सेबेस्टियन बेकासे ने अपने पद को छोड़ दिया है।
बेकासे ने कहा है कि टूर्नामेंट के लिए इक्वाडोर के तय लक्ष्यों को पूरा नहीं कर पाने के बाद पद छोड़ने का फैसला सही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप हमेशा इक्वाडोरियन फुटबॉल फेडरेशन के साथ अनुबंध खत्म होने का निशान रहा है। बेकासे ने अगस्त 2024 में इक्वाडोर की कमान संभाली थी।
मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बेकासे ने कहा, "मैं फ्रांसिस्को एगास (अध्यक्ष, इक्वाडोरियन फुटबॉल फेडरेशन) और फेडरेशन का उनके भरोसे और मुझे दी गई आजादी के लिए शुक्रगुजार हूं। मैं एक ऐसा पद छोड़ रहा हूं, जिसे मैं बहुत महत्व देता हूं। हमने एक विरासत बनाई है। मैं इस सफर और इस एडवेंचर के लिए सभी खिलाड़ियों और देश का शुक्रगुजार हूं। मैं बस 'धन्यवाद' कहना चाहता हूं।"
उन्होंने कहा, "जब हम साथ थे, तो खिलाड़ियों के इस ग्रुप ने उम्मीद जगाई थी। मेक्सिको ने साफ तौर पर हमसे बेहतर खेला। हमने वह नहीं किया जो हम सबसे अच्छा करते हैं। हम हारने के लायक थे।"
हालांकि इक्वाडोर का वर्ल्ड कप कैंपेन पहले नॉकआउट राउंड में ही खत्म हो गया, लेकिन बेकासे की नियुक्ति के बाद टीम दक्षिण अमेरिकी क्वालिफायर में खराब शुरुआत से उबरते हुए अर्जेंटीना के बाद दूसरे स्थान पर रही और 18 क्वालीफिकेशन मैचों में सिर्फ पांच गोल खाए, जबकि कोलंबिया, उरुग्वे और ब्राजील से ऊपर रही।
उनके कार्यकाल के दौरान, इक्वाडोर ने 9 मैच जीते, 12 ड्रॉ रहे, जबकि तीन मैच गंवाए। वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती मैच में आइवरी कोस्ट से हारने से पहले लगातार 19 मैचों में टीम को हार का सामना नहीं करना पड़ा। आइवरी कोस्ट से हार और टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहे कुराकाओ के खिलाफ ड्रॉ की आलोचना के बाद, इक्वाडोर ने आखिरी ग्रुप मैच में जर्मनी पर 2-1 की जबरदस्त जीत के साथ राउंड ऑफ 32 में 8 सबसे अच्छी तीसरे स्थान वाली टीमों में से एक के तौर पर जगह पक्की की।
राउंड ऑफ 32 में इक्वाडोर के पहुंचने के बाद वहां के राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने नेशनल हॉलिडे घोषित किया था।
--आईएएनएस
पीएके
