फाजिल्का में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 760 ग्राम हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
फाजिल्का, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब के फाजिल्का जिले में पुलिस ने ड्रग्स और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में पुलिस ने 760 ग्राम हेरोइन, तीन अवैध पिस्तौल, मैगजीन, कारतूस, धारदार हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी 2.5 लाख रुपए की संदिग्ध नगदी बरामद की है।
पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
फाजिल्का पुलिस ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि जलालाबाद सिटी थाना पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, छह मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, दो धारदार हथियार (कप्पा), 760 ग्राम हेरोइन और ड्रग्स की बिक्री से प्राप्त 2,50,000 रुपए की नकदी बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी और अवैध हथियारों के गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
फाजिल्का के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गगन अजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताय, "पुलिस को हथियार और ड्रग्स की तस्करी में शामिल लोगों के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर एसएचओ सिटी और डीएसपी की टीमों ने संयुक्त रूप से विशेष ऑपरेशन चलाया और आरोपियों को गिरफ्तार किया।"
एसएसपी ने बताया, "आरोपियों के पास से तीन इंपोर्टेड पिस्तौल और करीब 760 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। शुरुआती जांच में यह मामला संगठित ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत होता है और पुलिस इसके सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।"
फाजिल्का पुलिस ने दोहराया कि पंजाब में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि राज्य में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
