फैशन की दुनिया में नाम कमाना चाहती थीं सिमरन, लेकिन एक शो ने बदली किस्मत
मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ इंडियन सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस सिमरन ऋषि बग्गा आज भी अपनी शानदार एक्टिंग और डांस के लिए याद की जाती हैं। उन्होंने तमिल, तेलुगू, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई। बहुत कम लोग जानते हैं कि सिमरन का सपना फिल्मों में आने का नहीं था। वह फैशन डिजाइनर बनना चाहती थीं, लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था।
सिमरन का असली नाम ऋषिबाला नवल है। उनका जन्म 4 अप्रैल 1976 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई भी मुंबई में ही की। सिमरन एक साधारण परिवार से थीं, लेकिन उनके अंदर कुछ अलग करने का जुनून था। बचपन से ही उन्हें फैशन और डिजाइनिंग में दिलचस्पी थी। वह इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती थीं। लेकिन जिंदगी ने उनके लिए अलग रास्ता चुना।
उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट तब आया, जब उन्होंने टीवी के म्यूजिक शो 'सुपहिट मुकाबला' में एंकरिंग शुरू की। इसी दौरान फिल्ममेकर्स की नजर उन पर पड़ी और उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। शुरुआत में उन्होंने बॉलीवुड फिल्म 'तेरे मेरे सपने' में काम किया, जिससे उन्हें पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने साउथ फिल्मों की ओर रुख किया और यहीं से उनका असली स्टारडम शुरू हुआ।
सिमरन ने 1997 में तमिल फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और बहुत कम समय में टॉप एक्ट्रेस बन गईं। उनकी फिल्में 'थुल्लथा मनामुम थुल्लुम' और 'वाली' ने उन्हें जबरदस्त सफलता दिलाई। इन फिल्मों में उनकी एक्टिंग को दर्शकों और आलोचकों दोनों ने खूब सराहा। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया और इंडस्ट्री में अपनी मजबूत जगह बना ली।
साल 2002 उनके करियर का बेहद खास साल रहा, जब उन्होंने कमल हासन के साथ 'पम्मल के. सांबंदम' और 'पंचतंत्रम' सुपरहिट फिल्मों में काम किया। इसी दौरान उनकी फिल्म 'कन्नथिल मुथामित्तल' के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। उन्होंने सिर्फ रोमांटिक रोल ही नहीं, बल्कि हर तरह के किरदार निभाकर अपनी प्रतिभा साबित की।
हालांकि, शादी के बाद सिमरन ने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली। उन्होंने 2003 में दीपक बग्गा से शादी की और अपने परिवार पर ध्यान देने लगीं, लेकिन उनका फिल्मों से प्यार खत्म नहीं हुआ और उन्होंने 2008 में फिल्म 'वारनम आयिरम' से शानदार वापसी की। इस फिल्म में उन्होंने मां का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया और उन्हें अवॉर्ड भी मिला।
सिमरन के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने लंबे सफर में कई बड़े अवॉर्ड जीते हैं, जिनमें तीन फिल्मफेयर अवार्ड्स साउथ, एक तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवार्ड और कई अन्य सम्मान शामिल हैं।
आज भी सिमरन फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं और समय-समय पर फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में नजर आती रहती हैं।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
