Aapka Rajasthan

लखनऊ : फर्जी दस्तावेज से करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश, दो शातिर गिरफ्तार

लखनऊ, 30 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके करोड़ों रुपए की पैतृक जमीन हड़पने की साजिश रचने के आरोप में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 
लखनऊ : फर्जी दस्तावेज से करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश, दो शातिर गिरफ्तार

लखनऊ, 30 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके करोड़ों रुपए की पैतृक जमीन हड़पने की साजिश रचने के आरोप में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, 11 दिसंबर 2025 को वादी समीर मिर्जा पुत्र स्वर्गीय कैसर मिर्जा निवासी ख्यालीगंज, थाना कैसरबाग, लखनऊ द्वारा थाना मोहनलालगंज में अभियोग पंजीकृत कराया गया था, जिसमें वादी द्वारा आरोप लगाया गया कि ग्राम अमेठी, तहसील मोहनलालगंज स्थित उनकी पैतृक भूमि पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध दावा प्रस्तुत कर भूमि हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस जांच में पाया गया कि मुख्य अभियुक्त मोहम्मद फरीद मिर्जा ने स्वयं को वादी के स्वर्गीय चाचा खुसरू मिर्जा का वारिस दर्शाने के लिए कूटरचित अभिलेख तैयार कराए। इसके लिए उसने अपने वास्तविक पारिवारिक विवरण छिपाकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तथा अन्य दस्तावेज तैयार कर न्यायालय एवं अन्य मंचों पर प्रस्तुत किए। यहां तक कि आरोपियों ने संपत्ति हड़पने के लिए अपनी जीवित माता को मृत दर्शाते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया और उनके कथित दफन से संबंधित भ्रामक दस्तावेजों का भी प्रयोग किया।

जांच के दौरान, संबंधित विभागों और संस्थानों से प्राप्त रिपोर्टों से पुष्टि हुई कि ये रिकॉर्ड फर्जी और जाली थे। जांच और साक्ष्य जुटाने के दौरान यह भी पता चला कि उक्त साजिश में कई अन्य व्यक्तियों की भी सक्रिय भूमिका थी। आरोपी द्वारा स्वयं को वादी पक्ष का रिश्तेदार बताकर संपत्ति पर दावा मजबूत करने का प्रयास किया गया। इसी के साथ आरोपियों ने भूमि विक्रय अनुबंधों से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों में प्राप्त एवं स्थानांतरित की। गवाहों के बयान, बैंकिंग लेन-देन तथा अन्य साक्ष्यों से अभियुक्तों की संलिप्तता प्रमाणित हुई। इस मामले में आरोपी मोहम्मद फरीद मिर्जा, मोहम्मद अशफाक मिर्जा उर्फ ​​बाबू मियां और कलीम खान पहले से ही लखनऊ जिला जेल में बंद हैं।

इसी क्रम में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त फुरकान अहमद अब्बासी (46 वर्ष) और अभिषेक यादव (28 वर्ष) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी बीच शुक्रवार को थाना मोहनलालगंज पुलिस टीम द्वारा बारादरी चौराहा, कैसरबाग, लखनऊ के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम