Aapka Rajasthan

फेसबुक पोस्ट शेयर करना अपराध नहीं, कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही भाजपा : पीसी शर्मा

भोपाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को निशाना बनाने वाली एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पार्टी द्वारा साइबर पुलिस में की गई शिकायत पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि फेसबुक पर किसी पोस्ट को शेयर करना कोई अपराध नहीं है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर कांग्रेस नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाया।
 
पीसी शर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जिस पोस्ट को लेकर शिकायत की गई है, वह उन्होंने खुद नहीं बनाई थी। उन्होंने बताया कि यह पोस्ट फेसबुक पर पहले से किसी और ने डाली थी। उनके पास उसका लिंक मौजूद है और उसी लिंक के माध्यम से इसे शेयर किया गया था।

उन्होंने कहा, "इसमें कोई फेरबदल नहीं किया गया। तो यह शेयर करना कोई अपराध नहीं है। अगर आपको इस पर अपराध बनता हुआ लग रहा है, तो जिसने इसे डाला, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर कोई गलत चीज है, तो यह पता करना चाहिए कि किसने और कैसे डाली?"

पीसी शर्मा ने आगे कहा कि उनके फेसबुक पर यह पोस्ट शेयर हुई है और उसके लिंक मौजूद हैं, जिनसे पता चलता है कि यह कहां से शेयर हुई। इसलिए इसमें कोई अपराध बनता ही नहीं है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को कैसे प्रताड़ित किया जाए, यह भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से काम रहा है। इसी वजह से साइबर थाने में शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई मुद्दा बनता नहीं है और अगर कोई पूछने आएगा, तो वह जवाब दे देंगे।

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने बीते दिन भाजपा की शिकायत के बाद इस मामले में केस दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एक नकली वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिसमें संवेदनशील राष्ट्रीय मुद्दों पर मनगढ़ंत और गुमराह करने वाले बयान दिए गए हैं। भाजपा का आरोप है कि इस तरह के फर्जी वीडियो के जरिए राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस