Aapka Rajasthan

‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ लेकर आ रहे रजत कपूर, बोले- मेरा झुकाव मर्डर मिस्ट्री की तरफ

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता-निर्देशक रजत कपूर अपनी नई फिल्म ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। मेकर्स ने बुधवार को फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है। रजत कपूर ने बताया कि उन्हें इस फिल्म की स्क्रिप्ट में मौजूद 'भावनात्मक हिंसा' ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया।
 
‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ लेकर आ रहे रजत कपूर, बोले- मेरा झुकाव मर्डर मिस्ट्री की तरफ

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता-निर्देशक रजत कपूर अपनी नई फिल्म ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। मेकर्स ने बुधवार को फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है। रजत कपूर ने बताया कि उन्हें इस फिल्म की स्क्रिप्ट में मौजूद 'भावनात्मक हिंसा' ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया।

रजत कपूर ने कहा, “मुझे जॉनर सिनेमा में बहुत दिलचस्पी है। इस बार मेरा झुकाव मर्डर मिस्ट्री की तरफ था, लेकिन जिस चीज ने मुझे आकर्षित किया, वह सिर्फ हत्या का रहस्य नहीं था, बल्कि उससे पहले होने वाली भावनात्मक हिंसा थी। फिल्म में ऐसे लोग हैं जो एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराते हैं, साथ ड्रिंक करते हैं और जश्न मनाते हैं। ये दोस्त और परिवार वाले लोग हैं, लेकिन कई बातें दबी हुई उनके बीच पनपती हैं और जब वो बाहर आती हैं तो अजीबोगरीब चीजें होने लगती हैं।”

फिल्म की कहानी सोहराब हांडा (विनय पाठक) के इर्द-गिर्द घूमती है। सोहराब एक तेज-जुबान, बदतमीज और दबंग किस्म का इंसान है। उसकी तीखी हाजिरजवाबी और घमंड उसे हर जगह सबसे हावी बना देता है। वह दूसरों को उकसाने में माहिर है और किसी को नहीं बख्शता। फिल्म की कहानी दोस्तों और परिवार के बीच एक निजी आउटस्टेशन सेलिब्रेशन के दौरान शुरू होती है। शुरू में हल्की-फुल्की बातें, ड्रिंक्स और गेम्स चलते हैं, लेकिन धीरे-धीरे माहौल असहज होने लगता है। देर रात जब सोहराब की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है तो पूरा माहौल बिखर जाता है। शक, दबी हुई नाराजगी और बेचैनी हर किरदार को घेर लेती है।

रणवीर शौरी ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, “यह ऐसी फिल्म नहीं है जिसमें हीरो और विलेन साफ तौर पर दिखते हों। हर किरदार के साथ पछतावा, जलन और गुस्सा जुड़ा हुआ है। यही अस्पष्टता कहानी को दिलचस्प बनाती है। रजत कपूर के निर्देशन में काम करना बहुत अच्छा अनुभव रहा।”

मर्डर मिस्ट्री और गहरी भावनात्मक कहानी के साथ यह फिल्म दर्शकों को रोमांच के साथ एंटरटेन करने को तैयार है। फिल्म में विनय पाठक, रणवीर शौरी, वालुशा डिसूजा, सौरभ शुक्ला, नील भूपालम, कोयल पुरी, चंद्रचूड़ राय, पालोमी घोष और रजत कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में 15 से ज्यादा बेहतरीन अभिनेता दिखेंगे।

फिल्म को अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा मिथ्या टॉकीज के सहयोग से तैयार किया गया है। यह फिल्म 10 अप्रैल को हिंदी में जी5 पर स्ट्रीम होगी।

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी