Aapka Rajasthan

'ईयू-भारत एफटीए पर साल के अंत तक होंगे हस्ताक्षर', फिनलैंड के राजदूत मिक्को किविकोस्की

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और यूरोपीय संघ के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर भारत में फिनलैंड के राजदूत मिक्को किविकोस्की ने बड़ी उम्मीद जताई है। उन्होंने इस साल के अंत तक समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद जताई और सभी मंजूरियों के बाद इसके अगले साल लागू होने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, भारत-फिनलैंड के द्विपक्षीय संबंधों, एआई, रक्षा और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी अहम बयान दिया।
 

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और यूरोपीय संघ के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर भारत में फिनलैंड के राजदूत मिक्को किविकोस्की ने बड़ी उम्मीद जताई है। उन्होंने इस साल के अंत तक समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद जताई और सभी मंजूरियों के बाद इसके अगले साल लागू होने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, भारत-फिनलैंड के द्विपक्षीय संबंधों, एआई, रक्षा और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी अहम बयान दिया।

ईयू-भारत एफटीए पर मिक्को किविकोस्की ने कहा, "फिलहाल, हमें उम्मीद है कि साल के आखिर तक इस पर हस्ताक्षर हो जाएंगे। इसके बाद, भारत सरकार और यूरोपीय संघ को इस समझौते को मंजूरी देनी होगी। इसमें शायद कुछ महीने लगेंगे, इसलिए उम्मीद है कि यह अगले साल किसी समय लागू हो जाएगा।"

जब भारत की ओर से रूस-यूक्रेन विवाद को बातचीत से सुलझाने की अपील के बारे में पूछा गया तो मिक्को किविकोस्की ने कहा, "बिल्कुल, यही एकमात्र तरीका है, जिससे हम ऐसा कर सकते हैं। बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए। फिनलैंड उन सभी गतिविधियों की बहुत सराहना करता है, जो भारत इस समय कर रहा है।"

जब राजदूत मिक्को किविकोस्की से पूछा गया कि भारत और फिनलैंड एआई, रक्षा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में साथ मिलकर कैसे काम कर सकते हैं, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इसका फॉर्मूला बहुत आसान है। आकार में हम भले ही छोटे हों, लेकिन इनोवेशन और समाधान के मामले में हम काफी बड़े हैं। जाहिर है, भारत के पास बड़े पैमाने पर काम करने की क्षमता और टैलेंट है। इसलिए, यह एक बहुत अच्छा मेल है। असल में, जब हम अपनी ताकत को मिलाते हैं, तो हम साथ मिलकर बड़ी चीजें हासिल कर सकते हैं।"

भारत और फिनलैंड के संबंधों पर किविकोस्की ने कहा, "हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं। इस साल गतिविधियों के मामले में रिकॉर्ड बना है। हमारे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने भारत का दौरा किया। ओस्लो में इंडिया-नॉर्डिक समिट हुई। आपके विदेश मंत्री और वाणिज्य मंत्री ने फिनलैंड का दौरा किया। हाल ही में गांधीनगर में 'वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम' आयोजित हुआ। यह फिनलैंड और भारत की सरकारों की संयुक्त कोशिश थी।"

वहीं, एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जब इस साल जनवरी में यूरोपीय संघ और भारत के बीच समिट हुई थी, तो असल में भारत और यूरोपीय संघ के बीच बातचीत में रक्षा और सुरक्षा साझेदारी को भी शामिल किया गया था। जाहिर है कि यह फिनलैंड के लिए अहम है। इसलिए, ईयू के एक सदस्य देश के तौर पर, हम रक्षा और सुरक्षा में सहयोग को जरूर आगे बढ़ाएंगे।

फिनलैंड के राजदूत ने कहा कि मिसाल के तौर पर, कई चीजें पहले से ही चल रही हैं। मैं बस एक ऐसी चीज का जिक्र करना चाहता हूं, जिसका संबंध फिनलैंड से है। फिनलैंड की दो कंपनियां, नोकिया, जिसे आप अच्छी तरह जानते हैं और जो आजकल डिफेंस के क्षेत्र में भी काम कर रही है और आईसीईवाईई, जो सैटेलाइट से जुड़ी एक और फिनिश कंपनी है, इन्होंने पिछले हफ्ते ही सहयोग की घोषणा की है। यह सहयोग मुख्य रूप से 'सॉवरेन, डुअल-यूज सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम' पर है, जिनका मालिकाना हक और संचालन उन देशों के पास होता है जो इनका इस्तेमाल करते हैं।

--आईएएनएस

केके/एबीएम