Aapka Rajasthan

इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान से पीएम मोदी सम्मानित, बृज लाल बोले- यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने पर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद बृज लाल ने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है।
 
इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान से पीएम मोदी सम्मानित, बृज लाल बोले- यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने पर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद बृज लाल ने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है।

बृज लाल ने आईएएनएस से कहा, "इथियोपिया से हमारे प्रधानमंत्री को मिला सर्वोच्च सम्मान पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। आज हमारे प्रधानमंत्री दुनिया के नंबर एक नेता हैं। पूरा विश्व, खासकर अफ्रीका और एशिया के देश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और यह सम्मान उसी का प्रमाण है।"

इस दौरान बृजलाल ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए गए सवालों पर भी कड़ा हमला बोला। कांग्रेस की आलोचना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हमेशा से भारत को अपमानित करने की नीति रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं, तो भारत की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर जैसा सफल सैन्य अभियान पूरी दुनिया में सराहा गया है।

भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और पाकिस्तान परस्त सोच रखते हैं। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे बयान देश की सेना का मनोबल तोड़ने वाले हैं।

बता दें कि कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन के पहले दिन ही भारत पूरी तरह हार गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान सेना की एक किलोमीटर तक की मूवमेंट नहीं हुई और दो-तीन दिनों तक सिर्फ हवाई और मिसाइल युद्ध ही हुआ। चौहान ने आगे सवाल उठाया था कि भविष्य के युद्ध ऐसे ही लड़े जाएंगे तो क्या 12 लाख सैनिकों की सेना रखने की जरूरत है, या फिर उन्हें किसी अन्य काम में लगाया जा सकता है।

दूसरी ओर बृज लाल ने एसआईआर को लेकर पश्चिम बंगाल की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में 58 लाख वोट डाले गए, लेकिन सवाल यह है कि ये वोट किस तरह के हैं। कई मामलों में लोग स्थान बदल चुके हैं, कुछ लोग मर चुके हैं, फिर भी उनके नाम पर वोट डाले जा रहे हैं। फर्जी और दोहरे मतदान की समस्या गंभीर है।

बृज लाल ने आरोप लगाया कि बंगाल में रोहिंग्याओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी भी एक बड़ी समस्या है। पहले वामपंथियों और अब ममता बनर्जी सरकार ने रोहिंग्याओं को बसने दिया। जो अतिरिक्त वोट डाले गए हैं, उनमें से अधिकांश विदेशियों के हैं। लोकतंत्र में वोट देने का अधिकार सिर्फ भारतीय नागरिकों को है, रोहिंग्याओं को नहीं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस