ईस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026 : अर्जुन एरिगाइसी और निहाल सरीन टॉप 8 में रहे, शतरंज में भारत का सफर खत्म
पेरिस, 14 अगस्त (आईएएनएस)। ईस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप (ईडब्ल्यूसी) 2026 के शतरंज टूर्नामेंट में भारत की चुनौती क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गई। जेनरेशन गेमिंग ईस्पोर्ट्स के अर्जुन एरिगाइसी और एस8यूएल के निहाल सरीन अपने-अपने मैच हार गए और टूर्नामेंट के टॉप आठ खिलाड़ियों में शामिल रहे।
एरिगाइसी को टीम फाल्कन्स के हिकारू नाकामुरा ने आर्मागेडन टाई-ब्रेकर में हराया, जबकि टीम लिक्विड के मौजूदा चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने सरीन को 2.5-0.5 से हराया। नाकामुरा के खिलाफ एरिगाइसी का क्वार्टर फाइनल मैच पिछले साल तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले जैसा ही था, जिसे अमेरिकी ग्रैंडमास्टर ने जीता था। रेगुलर गेम के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर रही और सभी चार गेम ड्रॉ पर खत्म हुए क्योंकि कोई भी बढ़त नहीं बना सका। बराबरी के कारण मैच आर्मागेडन में चला गया, जहां सफेद मोहरों से खेलते हुए हिकारू ने चेकमेट के साथ जीत हासिल की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
क्वार्टर फाइनल में शामिल दूसरे भारतीय सरीन का सामना कार्लसन से हुआ। यह पिछले साल के नॉकआउट मुकाबले का लगभग रीमैच था, जिसे नॉर्वेजियन ग्रैंडमास्टर ने जीता था। उस मुकाबले में पहला गेम ड्रॉ रहा था और कार्लसन ने अगले दो गेम जीते थे। हालांकि, इस दफा नॉर्वेजियन खिलाड़ी ने पहले दो गेम जीते, जबकि तीसरा गेम ड्रॉ रहा, जिससे उन्होंने 2.5-0.5 से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
बाकी क्वार्टर फाइनल मैचों में एजी. एएल के डेनिस लाजाविक ने नातुस विन्सेरे के नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव को आर्मागेडन टाई-ब्रेकर में हराया, जबकि टीम फाल्कन्स के अलीरेजा फिरोजा ने गॉडलाइक ईस्पोर्ट्स के हंस मोके नीमन को 2.5-1.5 से हराया। अब सेमीफाइनल में हिकारू का सामना लाजाविक से होगा, जबकि कार्लसन का मुकाबला अलीरेजा से होगा, जो पिछले साल के फाइनल का रीमैच होगा।
ईडब्ल्यूसी में टॉप 8 में जगह बनाने वाले एरिगैसी और सारिन में से हर खिलाड़ी को 71.5 लाख की प्राइज मनी मिली। ईडब्ल्यूसी में भारत ने अब तक की अपनी सबसे बड़ी शतरंज टीम उतारी थी। एस8यूएल ईस्पोर्ट्स के प्रणेश एम, जो एक दिन पहले ही लोअर ब्रैकेट से बाहर हो गए थे, ने 52.5 लाख जीते। वहीं, उनके एस8यूएल टीममेट अरविंद चिदंबरम, जो प्ले-इन्स में बाहर हो गए थे, ने कुल 14.3 करोड़ के प्राइज पूल में से 21.9 लाख हासिल किए।
प्लेऑफ सिंगल-एलिमिनेशन फॉर्मेट में जारी रहेंगे और सेमीफाइनल में छह गेम होंगे। ग्रैंड फाइनल 'बेस्ट-ऑफ-थ्री' सेट फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें पहले दो सेट में चार-चार गेम होंगे और अगर तीसरा सेट होता है, तो उसमें दो गेम होंगे।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
