Aapka Rajasthan

इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया पर बॉलीवुड ने लुटाया प्यार, खिताब जीतने की जताई उम्मीद

मुंबई, 6 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए शानदार मैच ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। भारत ने इंग्लैंड को सात रनों से हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है।
 
इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया पर बॉलीवुड ने लुटाया प्यार, खिताब जीतने की जताई उम्मीद

मुंबई, 6 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए शानदार मैच ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। भारत ने इंग्लैंड को सात रनों से हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है।

अब फाइनल में भारत न्यूजीलैंड से भिड़ने वाला है। टी20 विश्वकप के फाइनल में जगह बनाने और गुरुवार की जीत को लेकर देशभर में खुशी का माहौल है। बॉलीवुड सेलेब्स भी सोशल मीडिया के जरिए टीम को जीत की बधाई दे रहे हैं।

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार, यानी अक्षय कुमार, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक कॉमेडी वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह डांस करते दिख रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "इस तरह से आप फाइनल की ओर बढ़ते हैं… क्या शानदार जीत है, टीम इंडिया!"

वहीं प्रीति जिंटा ने भारतीय टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, "नीली जर्सी पहने भारतीय टीम को बधाई! क्या शानदार मैच था और भारतीय टीम का क्या ही दबदबा रहा! टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में शानदार एंट्री।"

अभिनेता सोनू सूद ने भी बधाई देने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया और टीम इंडिया की फोटो शेयर कर लिखा, "मेरा भारत महान, 1.4 अरब दिल इस जीत का जश्न मना रहे हैं।" सांसद और अभिनेत्री कंगना ने भी टीम की जीत पर खुशी जाहिर की है और उम्मीद जताई है कि फाइनल में भी भारत का तिरंगा लहराएगा। उन्होंने इंस्टाग्राम पर टीम की फोटो पोस्ट कर लिखा, 'अब फाइनल में तिरंगा लहराने की बारी।'

वहीं, अंगद बेदी ने टीम के नाम बहुत प्यारा पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल की तारीफ की है। उन्होंने लिखा, 'फाइनल में जाने के रास्ते साफ हो चुके हैं, और इससे पूरी भारतीय टीम का हौसला बुलंद है। जसप्रीत बुमराह की शानदार बॉलिंग और अक्षर पटेल द्वारा पकड़े गए दो कैच ने मैच का रुख बदल दिया।'

वहीं, सुनील शेट्टी ने पूरी टीम को जीत की बधाई दी लेकिन अक्षर पटेल को टीम की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने लिखा, "पूरी टीम ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन अक्षर पटेल के दो शानदार कैच ने जीत के रास्ते साफ कर दिए।"

इसके अलावा, वरुण धवन, रवीना टंडन, शहनाज गिल, मुनमुन दत्ता और आयुष्मान खुराना ने भी फोटो पोस्ट कर पूरी टीम को बधाई दी है और सेमीफाइनल की जीत के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

--आईएएनएस

पीएस/एएस