Aapka Rajasthan

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बदलाव, रेड्डी की जगह दुबे भारतीय टीम में शामिल

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने जा रही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से पहले चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शिवम दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
 

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने जा रही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से पहले चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शिवम दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

दुबे इंग्लैंड में जारी पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को कहा कि दुबे वनडे सीरीज के लिए भी वहीं रुकेंगे, क्योंकि रेड्डी अभी भी क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं। रेड्डी के रिहैबिलिटेशन के कारण उन्हें पहले ही आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और जिम्बाब्वे के विरुद्ध आगामी तीन मुकाबलों की सीरीज से बाहर कर दिया गया था।

देवजीत सैकिया ने कहा, "सिलेक्शन कमिटी ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी की जगह शिवम दुबे को चुना है।"

नितीश रेड्डी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी, और उनके प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है।

साल 2019 में वनडे डेब्यू करने वाले दुबे ने इस फॉर्मेट में अब तक कुल 4 मैच खेले हैं, जिसमें 43 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने 1 विकेट भी हासिल किया है। वहीं, 68 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 6 अर्धशतकों के साथ 1,083 रन बनाने के अलावा, 34 विकेट अपने नाम किए हैं। दुबे ने आखिरी वनडे मैच अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।

भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच बर्मिंघम में 14 जुलाई को खेला जाएगा, जिसके बाद कार्डिफ में 16 जुलाई को अगले मैच का आयोजन होगा। सीरीज का अंतिम मुकाबला 19 जुलाई को लंदन में खेला जाना है।

भारत की अपडेटेड वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, शिवम दुबे।

--आईएएनएस

आरएसजी