Aapka Rajasthan

एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता से घबराए विपक्षी नेता, कर रहे गलत बयानबाजी : शायना एनसी

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता शायना एनसी ने गुलाबराव पाटिल के बयान, टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यकर्ता चाहते हैं कि उनका नेता मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बने। वहीं, संजय राउत पर निशाना साधते हुए उन्होंने उनके बयानों और राजनीतिक भविष्यवाणियों पर सवाल उठाए।
 

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता शायना एनसी ने गुलाबराव पाटिल के बयान, टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यकर्ता चाहते हैं कि उनका नेता मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बने। वहीं, संजय राउत पर निशाना साधते हुए उन्होंने उनके बयानों और राजनीतिक भविष्यवाणियों पर सवाल उठाए।

शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री गुलाबराव पाटिल के बयान पर शायना एनसी ने कहा कि किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसके संदर्भ को समझना जरूरी है। गुलाबराव पाटिल ने वही बात कही है, जो आमतौर पर कोई भी कार्यकर्ता अपने नेता के लिए कहता है। हर कार्यकर्ता की इच्छा होती है कि उसका नेता मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बने।

उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी तरह के कयास लगाने की जरूरत नहीं है। इस बयान से एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता और शिवसेना कार्यकर्ताओं के उत्साह का पता चलता है। शायना एनसी ने कहा कि शिवसेना ने 80 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इनमें से 60 सीटों पर जीत हासिल की। इस सफलता का श्रेय एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता और जमीनी स्तर पर उनके प्रति लोगों के आकर्षण है। शिवसेना संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। यदि कोई नेता अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के हित में योजनाएं लाता है, तो जनता उन्हें स्वीकार करती है।

बता दें कि शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री गुलाबराव पाटिल ने कहा था कि मैंने माता जगदंबा के चरण छुए हैं और प्रार्थना की है कि आने वाले दिनों में एकनाथ शिंदे फिर से इस राज्य के मुख्यमंत्री बनें और हमारे किसानों के जीवन में खुशहाली लाएं। शिंदे के नेतृत्व, जन कल्याणकारी योजनाओं और राजनीतिक रणनीति की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा भरोसा है कि वे फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।

टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शायना एनसी ने कहा कि अभिनेता किसी विवाद में शामिल नहीं हैं और उनकी ओर से कभी कोई विवादित बयान नहीं आया है। इस घटना को सलमान खान से जोड़ना उचित नहीं है। केवल इसलिए कि टाइगर श्रॉफ सलमान खान के करीबी हैं, यह निष्कर्ष निकालना गलत होगा कि उन पर इसी वजह से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि सलमान खान के कई अन्य करीबी भी हैं लेकिन उनके साथ ऐसी घटनाएं नहीं हुई हैं। इसलिए इस मामले में सलमान खान का नाम बेवजह नहीं घसीटना चाहिए।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणियों पर शायना एनसी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगने से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए राउत पर तंज कसा और कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री के बारे में टिप्पणी करने के बजाय अपनी राजनीतिक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने राम मंदिर को लेकर राउत की भविष्यवाणी का भी उल्लेख किया। शायना एनसी ने कहा कि मंदिर आज भी खड़ा है जबकि उनकी पार्टी में टूट हुई है। उन्होंने एकनाथ शिंदे के 40 विधायकों के साथ अलग होने और शिवसेना के 60 विधायकों तक पहुंचने का जिक्र करते हुए पार्टी की राजनीतिक ताकत पर जोर दिया।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम