'एक राष्ट्र, एक चुनाव' से होंगे कई फायदे, जनता की समस्याओं का आसानी से होगा हलः सतीश महाना
लखनऊ, 14 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विधेयक की समीक्षा के लिए लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक कर रही है। उन्होंने समिति के सामने अपने सुझाव दिए हैं।
सतीश महाना ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैंने समिति को आंकड़े दिए हैं कि 5 साल में 10 बार चुनाव प्रक्रिया होती है। मैं जिस क्षेत्र से संबंध रखता था, वह कैंटोनमेंट था। कैंटोनमेंट बोर्ड का चुनाव 5 साल में एक बार ही होता है। वहीं, सामान्य जगहों पर 5 साल में 10 बार चुनाव होते हैं। अगर चुनाव में प्रशासनिक व्यवस्था लगी रहेगी तो जनता के हित में कब काम करेगी?"
सतीश महाना ने कहा, "जब एक साथ चुनाव होंगे तो जनता की समस्याएं प्रमुखता से सुनी जाएंगी, क्योंकि सभी नेता वोट मांगने पहुंचेंगे। वोट मांगने पहुंचने वाले जनप्रतनिधि अपने-अपने हिस्से के कार्य को ही पूरा करने का वादा करेंगे, ऐसे में वादे पूरे होने के अधिक मौके होंगे। ऐसा मत मैंने समिति के सामने रखा है।"
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद यदि किसी जनप्रतिनिधि की मौत या अयोग्य होने पर मध्यावधि चुनाव होंगे।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने झारखंड स्थित देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि राम मंदिर के चंदे की चोरी के मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने दावा किया कि 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी, भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल स्तर पर लागू करती है।
मंत्री ने कहा, "हम लोग चुनाव का इंतजार नहीं करते हैं, बल्कि निरंतर जनता के बीच रहते हैं, इसलिए परिणाम हमारे पक्ष में आते हैं। विपक्ष चुनाव का इंतजार करता है और चुनाव के समय ही सक्रिय होता है और जब परिणाम विपरीत आता है तो तमाम आरोप लगाते हैं।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस
