Aapka Rajasthan

एक दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री ने किया स्वागत

तिरुवनंतपुरम, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन केरल की एक दिवसीय यात्रा पर तिरुवनंतपुरम पहुंचे। उपराष्ट्रपति के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर इस यात्रा की जानकारी साझा की गई है।
 

तिरुवनंतपुरम, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन केरल की एक दिवसीय यात्रा पर तिरुवनंतपुरम पहुंचे। उपराष्ट्रपति के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर इस यात्रा की जानकारी साझा की गई है।

पोस्ट में लिखा गया, "उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन केरलम की एक दिवसीय यात्रा के लिए तिरुवनंतपुरम पहुंचे। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया; केरल सरकार में मंत्री बिन्दु कृष्णा और सी. पी. जॉन; संसद सदस्य शशि थरूर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।"

उपराष्ट्रपति ने भी अपने निजी 'एक्स' हैंडल से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "केरल की एक दिन की यात्रा के लिए तिरुवनंतपुरम पहुंचा। यहां केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, केरल सरकार में मंत्री बिंदु कृष्णा और सी. पी. जॉन, सांसद शशि थरूर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया।"

तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे।

अपनी इस एक दिवसीय यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, वह सबसे पहले कोल्लम स्थित प्रसिद्ध माता अमृतानंदमयी मठ जाएंगे। वहां आयोजित 'विश्व सेवा दिनम' समारोह में वह हिस्सा लेंगे। यह समारोह सेवा और आध्यात्म के संगम के रूप में मनाया जाता है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु जुटते हैं।

इसके बाद उपराष्ट्रपति तिरुवनंतपुरम लौटेंगे और एसयूटी एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज के स्नातक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस समारोह में मेडिकल के छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। उपराष्ट्रपति के संबोधन को लेकर छात्रों में काफी उत्साह है।

तमिलनाडु से आने वाले राधाकृष्णन दक्षिण भारत के राज्यों के साथ गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव रखते हैं। उनका यह दौरा न केवल शैक्षणिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है, बल्कि केरल की समृद्ध परंपरा और सेवा भावना को राष्ट्रीय मंच पर रेखांकित करने वाला भी माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एससीएच/एएस