Aapka Rajasthan

एक करोड़ की एमडीएमए ड्रग्स बरामद, घाना और उज्बेकिस्तान के दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना नॉलेज पार्क पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) आगरा जोन की संयुक्त टीम ने दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 920 ग्राम एमडीएमए मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई है।
 

ग्रेटर नोएडा, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना नॉलेज पार्क पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) आगरा जोन की संयुक्त टीम ने दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 920 ग्राम एमडीएमए मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस और एएनटीएफ आगरा जोन की टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया।

इस दौरान नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाना निवासी उसुलोर और उज्बेकिस्तान निवासी लायलो शरजाय के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 920 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कलिस्टो नाम का एक व्यक्ति एमडीएमए पाउडर तैयार करता है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी उसुलोर और लायलो शरजाय इस मादक पदार्थ की दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बिक्री करवाते थे।

जांच एजेंसियां अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में कलिस्टो नाम के व्यक्ति की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। उसकी गिरफ्तारी के बाद मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी उसुलोर पुत्र चुक्वेबुका मूल रूप से घाना के एक्रोआ का निवासी बताया गया है। उसका वर्तमान पता महरौली, नई दिल्ली के तालाब लेन में दर्ज है। वहीं, लायलो शरजाय पुत्री जुराबेकोवना उज्बेकिस्तान के बुखारा शहर की निवासी बताई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके वर्तमान पते छतरपुर एन्क्लेव, फेज-2, छतरपुर, दक्षिणी दिल्ली और ओमैक्स न्यू हजरतगंज, थाना हजरतगंज, लखनऊ बताए गए हैं। इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8ए(सी), 22सी, 29 और 60 के तहत कार्रवाई की है। बरामदगी में 920 ग्राम एमडीएमए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है, और तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कूटी शामिल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। जांच के दौरान मादक पदार्थ की आपूर्ति, उसकी बिक्री और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कलिस्टो की भूमिका की जांच और उसकी गिरफ्तारी इस मामले में आगे की कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी